यह एक आर्काइव लेख है, जिसे May 22, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Jharkhand Weather : धूप-छांव के खेल से परेशान झारखंड, कहीं हो रही झमाझम बारिश; कहीं गर्मी से बेहाल पहुंच रहे अस्पताल
Jharkhand Weather झारखंड के मौसम में लगातार बदलाव का दौर देखने को मिल रहा है। इसी के तहत राजधानी रांची में आज भी आसमान में बादल छाए रहेंगे और बारिश ह ...और पढ़ें

HighLights
- रांची में आज धूल भरी आंधी चलने या बारिश होने की है संभावना
- चाईबासा, जमशेदपुर और सरायकेला में भी हो सकती है बारिश
- गर्मी से तप रही गढ़वा जिले की धरती, बीमारी की चपेट में आ रहे लोग
जागरण संवाददाता, रांची। Jharkhand Weather Forecast : रांची समेत पूरे झारखंड में बीते कुछ दिनों से मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है। आज भी रांची में आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। इस दौरान धूल भरी आंधी चलने या बारिश होने की भी संभावना है। राजधानी में अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रहेगा। वहीं 23 मई को अधिकतम व न्यूनतम तापमान में एक-एक डिग्री सेल्सियस का इजाफा होने की संभावना है।
झारखंड में कहीं धूप तो कहीं छांव
इसी तरह से चाईबासा, जमशेदपुर और सरायकेला क्षेत्र में बुधवार को आसमान में आंशिक तौर पर बादल छाए रहेंगे। दोपहर बाद कहीं-कहीं गर्जन के साथ वर्षा व आंधी की भी संभावना है।
इधर पलामू ,गढ़वा व लातेहार जिला में मंगलवार को आसमान साफ रहा। काफी गर्म हवाएं चलती रहीं। बुधवार को भी यहां मौसम साफ रहेगा और अधिकतम व न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी होगी।
गर्मी से परेशान हुआ गढ़वा
गढ़वा जिले की बात करें, तो यह इन दिनों भीषण गर्मी की चपेट में है। तेज धूप एवं हीट वेव ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया है। इससे लोग असहज महसूस करने लगे हैं।
मंगलवार को दिन का अधिकतम तापमान 43 एवं न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहा। उमस भरे इस मौसम में लोग परेशान रहे।
मौसम में आए बदलाव के कारण इन दिनों सरकारी एवं निजी अस्पतालों में मरीजों की तादाद बढ़ी है। इससे तेज बुखार,उल्टी, सिर दर्द, जोड़ों में दर्द, कमजोरी, खांसी आदि से पीड़ित लोग अस्पताल पहुंच रहे हैं। कई मरीजों को तो अस्पताल में भर्ती कराने तक की नौबत आ रही है।