Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    गर्मी में 'आसमान' छू रहा हवाई किराया: रांची से दिल्ली-मुंबई जाना दोगुना महंगा, विदेश टूर छूटा; चार धाम और पहाड़ों की ओर मुड़े लोग

    Updated: Tue, 19 May 2026 08:20 PM (IST)

    गर्मी की छुट्टियों में रांची से हवाई यात्रा महंगी हो गई है, जिससे घरेलू पर्यटन और धार्मिक स्थलों की मांग में भारी वृद्धि हुई है। डॉलर की महंगाई और वीज ...और पढ़ें

    गर्मी की छुट्टियों में रांची से हवाई किराया आसमान पर, घरेलू पर्यटन और धार्मिक स्थलों की बढ़ी लोकप्रियता।

    गर्मी की छुट्टियों में रांची से हवाई किराया आसमान पर, घरेलू पर्यटन और धार्मिक स्थलों की बढ़ी लोकप्रियता।

    जागरण संवाददाता, रांची। गर्मी की छुट्टियों की शुरुआत के साथ ही हवाई यात्रा महंगी हो गई है। रांची एयरपोर्ट से दिल्ली, हैदराबाद, कोलकाता, बैंगलुरू, पुणे और मुंबई जाने वाली फ्लाइटों के किराए में पिछले कुछ दिनों में काफी बढ़ोतरी दर्ज की गई है।

    स्कूलों में अवकाश शुरू होते ही पर्यटन और धार्मिक स्थलों की ओर लोगों का रुझान तेजी से बढ़ा है। इसका सीधा असर विमान किराए और यात्रियों की संख्या पर पड़ा है। रांची के ट्रैवल व्यवसायी बताते हैं कि चार धाम यात्रा को लेकर सबसे अधिक पूछताछ हो रही है।

    कई परिवार पहले हर साल विदेश यात्रा की योजना बनाते थे, लेकिन इस बार उन्होंने उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर और हिमाचल का रुख किया है। धार्मिक पर्यटन के साथ-साथ एडवेंचर और नेचर टूरिज्म का भी क्रेज बढ़ा है।

    रांची से दिल्ली जाने वाले विमान का सामान्य दिनों में किराया जहां चार से छह हजार रुपये के बीच रहता था, वहीं अब यह 10 से 15 हजार रुपये तक पहुंच गया है। जम्मू और देहरादून रूट पर भी किराया लगभग दोगुना हो गया है।

    ट्रैवल कारोबार से जुड़े लोगों का कहना है कि मई के अंतिम सप्ताह और जून के पहले पखवाड़े के लिए अधिकांश फ्लाइटों में सीटें तेजी से भर रही हैं। इस बार घरेलू पर्यटन को अधिक प्राथमिकता मिल रही है।

    बीते वर्षों की तुलना में विदेश घूमने जाने वालों की संख्या में कमी देखी जा रही है। डालर की महंगाई, बढ़ता खर्च और वीजा प्रक्रियाओं की जटिलता के कारण लोग देश के भीतर ही छुट्टियां बिताना पसंद कर रहे हैं। मध्यमवर्गीय परिवार विशेष रूप से धार्मिक और प्राकृतिक स्थलों की ओर आकर्षित हो रहे हैं।

    खबरें और भी

    अंतिम समय में बुकिंग कराने पर लग रहा ज्यादा किराया

    एयरलाइंस कंपनियां भी बढ़ती मांग का लाभ उठा रही हैं। छुट्टियों के दौरान अंतिम समय में टिकट बुक कराने वाले यात्रियों को भारी कीमत चुकानी पड़ रही है। कई यात्रियों ने बताया कि ट्रेन में लंबी वेटिंग और समय की बचत के कारण लोग मजबूरी में महंगा हवाई टिकट खरीद रहे हैं।

    एयरपोर्ट और ट्रैवल कारोबार से जुड़े मनोज कुमार(एएस इंटरप्राइजेज) के अनुसार, अप्रैल की तुलना में मई और जून में यात्रियों की संख्या में 25 से 30 प्रतिशत तक वृद्धि दर्ज की जा रही है।

    जनवरी में रांची एयरपोर्ट से करीब 1.85 लाख यात्रियों ने यात्रा की थी, जबकि मई में यह आंकड़ा बढ़कर लगभग 2.68 लाख तक पहुंच गया है। जून के पहले पखवाड़े में यह संख्या तीन लाख के पार जाने का अनुमान है।

    अल्फा ट्रैवल के संचालक प्रभात कुमार के अनुसार इस बार बड़ी संख्या में परिवार धार्मिक यात्राओं को प्राथमिकता दे रहे हैं। खासकर माता वैष्णो देवी, चार धाम यात्रा, काशी विश्वनाथ, अयोध्या और उज्जैन जाने वालों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। वहीं पहाड़ी पर्यटन स्थलों में मनाली, शिमला, नैनीताल, कश्मीर और दार्जिलिंग के लिए भी भारी बुकिंग हो रही है।

    विमान यात्रियों की संख्या में लगातार व़ृद्धि

    रांची एयरपोर्ट पर यात्रियों की संख्या में भी लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। सुबह और शाम की फ्लाइटों में सबसे अधिक भीड़ देखी जा रही है। एयरपोर्ट सूत्रों के अनुसार दिल्ली, बेंगलुरु और मुंबई रूट पर यात्रियों का दबाव सबसे अधिक है, जबकि धार्मिक यात्राओं के कारण जम्मू और देहरादून आदि शहरों के कनेक्टिविटी की मांग भी बढ़ी है।

    मार्च 2026 में भारत में घरेलू हवाई यात्रियों की संख्या 14.68 करोड़ नहीं बल्कि 146.8 लाख रही, जो मार्च 2025 की तुलना में एक प्रतिशत अधिक है। मार्च और अप्रैल माह में रांची एयरपोर्ट से रोजाना तकरीबन 7,276 यात्रा कर रहे हैं। इसमें 3,724 यात्री आगमन और 3,552 यात्री प्रस्थान करते हैं।

    गर्मी छुट्टी में बढ़े यात्रियों के आंकड़े

    माह अनुमानित यात्री संख्या
    जनवरी 1.85 लाख
    फरवरी 1.98 लाख
    मार्च 2.14 लाख
    अप्रैल 2.36 लाख
    मई 2.68 लाख (अबतक)
    जून 3.10 लाख (अनुमानित)

    रांची से प्रमुख उड़ानें और किराया

    गंतव्य प्रतिदिन उड़ानें वर्तमान किराया जून प्रथम सप्ताह किराया
    दिल्ली 10-12 ₹9,500 – ₹15,000 ₹14,000 – ₹18,500
    मुंबई 3-4 ₹8,000 – ₹12,500 ₹11,000 – ₹16,000
    बेंगलुरु 2-3 ₹7,500 – ₹11,000 ₹10,000 – ₹14,500
    हैदराबाद 2 ₹6,500 – ₹9,000 ₹8,500 – ₹12,000
    कोलकाता 3 ₹4,500 – ₹7,000 ₹6,500 – ₹9,000