रांची एयरपोर्ट पर इंडिगो और एयर इंडिया के विमानों में आई तकनीकी खराबी, घंटों फंसे रहे यात्री
रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर तकनीकी खराबी के कारण इंडिगो और एयर इंडिया की तीन उड़ानें प्रभावित हुईं, जिससे सैकड़ों यात्रियों को घंटों इंतजार करना ...और पढ़ें

रांची एयरपोर्ट। (जागरण)
HighLights
बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर तीन उड़ानें तकनीकी खराबी से प्रभावित हुईं।
इंडिगो और एयर इंडिया के यात्रियों को घंटों इंतजार करना पड़ा।
एक विमान से यात्रियों को उतारकर दूसरे से दिल्ली भेजा गया।
जागरण संवाददाता, रांची। बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर सोमवार को तकनीकी खराबी के कारण विमान यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
इंडिगो और एयर इंडिया की तीन उड़ानें प्रभावित रहीं, जिससे सैकड़ों यात्रियों को घंटों इंतजार करना पड़ा। कुछ यात्रियों को विमान में बैठाने के बाद वापस उतारना पड़ा, जिससे एयरपोर्ट पर अफरातफरी और पूछताछ का दौर चलता रहा।
दिल्ली से सुबह 11 बजे आने वाले 180 सीट वाले इंडिगो विमान में तकनीकी खराबी मिलने के बाद रांची से दिल्ली जाने के लिए सवार हो चुके 155 यात्रियों को वापस उतार दिया गया।
इंजीनियरों की जांच में खराबी की पुष्टि होने पर यात्रियों को दूसरे विमान से दिल्ली रवाना किया गया। इस बीच खराब विमान की मरम्मत के लिए दिल्ली से आवश्यक उपकरण और पार्ट्स मंगाए गए।
मरम्मत पूरी होने के बाद विमान दोपहर करीब तीन बजे बिना यात्रियों के दिल्ली के लिए रवाना हुआ। उधर, सुबह कोलकाता से आने वाले 65 सीट वाले इंडिगो विमान में भी तकनीकी समस्या सामने आई।
हालांकि एयरपोर्ट के इंजीनियरों ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद खराबी दूर कर दी, जिसके बाद विमान ने उड़ान भरी।
एयर इंडिया की बेंगलुरु-रांची उड़ान भी तकनीकी कारणों से चार घंटे तक प्रभावित रही। शाम करीब चार बजे रांची पहुंचने के बाद विमान के एक पहिए में हवा का दबाव कम पाया गया।
विमान रोका गया और दिल्ली से नया टायर मंगाया गया। टायर बदलने के बाद विमान रात 9:35 बजे बेंगलुरु के लिए रवाना हो सका।
यह भी पढ़ें- रांची एयरपोर्ट पर स्टेट हैंगर के पास बनेगा जोन का पहला एप्रन पार्किंग, डीजीसीए से मांगी गई अनुमति