Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    रांची एयरपोर्ट हाई अलर्ट पर, यात्रियों को समय से पहले पहुंचने की सलाह; आगंतुकों के प्रवेश पास पर रोक

    Updated: Wed, 05 Aug 2026 06:02 PM (IST)

    स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर रांची एयरपोर्ट पर हाई अलर्ट घोषित किया गया है, जिसमें यात्रियों को सुरक्षा जांच के लिए समय से पहले पहुंचने की सलाह दी गई ह ...और पढ़ें

    स्वतंत्रता दिवस से पहले रांची एयरपोर्ट पर सुरक्षा कड़ी, यात्रियों के लिए विशेष निर्देश।

    स्वतंत्रता दिवस से पहले रांची एयरपोर्ट पर सुरक्षा कड़ी, यात्रियों के लिए विशेष निर्देश।

    HighLights

    1. स्वतंत्रता दिवस के लिए रांची एयरपोर्ट पर सुरक्षा हाई अलर्ट।

    2. यात्रियों को सुरक्षा जांच के लिए समय से पहले पहुंचना अनिवार्य।

    3. हर यात्री और सामान की सघन जांच होगी, पास पर रोक।

    जागरण संवाददाता, रांची। स्वतंत्रता दिवस को लेकर देशभर के हवाई अड्डों पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। इसी क्रम में बिरसा मुंडा एयरपोर्ट, रांची पर भी हाई अलर्ट घोषित किया गया है। भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (एएआई) और नागर विमानन सुरक्षा ब्यूरो (बीसीएएस) के निर्देशों के बाद एयरपोर्ट की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जा रहा है।

    आने वाले दिनों में यात्रियों और उनके सामान की पहले से अधिक सघन जांच होगी तथा एयरपोर्ट परिसर के हर हिस्से पर सुरक्षा एजेंसियों की विशेष नजर रहेगी।

    रांची एयरपोर्ट पहले भी सुरक्षा एजेंसियों के लिए संवेदनशील रहा है। हाल ही में एयरपोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद पूरे परिसर की तलाशी ली गई थी। हालांकि जांच में कुछ संदिग्ध नहीं मिला, लेकिन इस घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था की लगातार समीक्षा की जा रही है। अब 15 अगस्त को देखते हुए अतिरिक्त सुरक्षा इंतजाम लागू किए जा रहे हैं।

    सीआईएसएफ, झारखंड पुलिस, एयरपोर्ट सुरक्षा और खुफिया एजेंसियां संयुक्त रूप से निगरानी रखेंगी। टर्मिनल भवन, रनवे, पार्किंग, कार्गो क्षेत्र और प्रवेश द्वारों पर चौबीसों घंटे नजर रहेगी। सीसीटीवी कैमरों की मानिटरिंग बढ़ा दी गई है और संदिग्ध गतिविधियों पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।

    सुरक्षा निर्देश के बाद एयरपोर्ट पर बदलाव

    • एयरपोर्ट के प्रवेश द्वार पर यात्रियों और वाहनों की कड़ी जांच होगी।
    • सामान की एक्स-रे स्क्रीनिंग और मैनुअल जांच पहले से अधिक सख्ती से की जाएगी।
    • टर्मिनल भवन और पार्किंग क्षेत्र में सीआईएसएफ की अतिरिक्त तैनाती रहेगी।
    • एयरपोर्ट परिसर में बिना पहचान वाला सामान मिलने पर तत्काल सुरक्षा कार्रवाई होगी।
    • संवेदनशील स्थानों पर गश्त और सीसीटीवी निगरानी बढ़ाई जाएगी।
    • जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त सुरक्षा जांच काउंटर भी खोले जा सकते हैं।
    • एयरपोर्ट परिसर में प्रवेश करने वाले कर्मचारियों के पहचान पत्रों की भी विशेष जांच होगी।

    यात्रियों के लिए 5 जरूरी बातें

    1. समय से पहले पहुंचें
    सुरक्षा जांच बढ़ने के कारण घरेलू उड़ान के लिए कम से कम दो से ढाई घंटे पहले एयरपोर्ट पहुंचें।
    2. पहचान पत्र साथ रखें
    वैध फोटो पहचान पत्र और ई-टिकट/बोर्डिंग पास तैयार रखें। प्रवेश द्वार और सुरक्षा जांच के दौरान इसकी जांच होगी।
    3. लावारिस सामान से रहें दूर
    एयरपोर्ट परिसर में कोई भी संदिग्ध या बिना मालिक का सामान दिखे तो उसे छुएं नहीं। तुरंत सीआईएसएफ या एयरपोर्ट अधिकारियों को सूचना दें।
    4. सुरक्षा नियमों का पालन करें
    सुरक्षा जांच के दौरान सहयोग करें। प्रतिबंधित सामान साथ न लाएं और बम या सुरक्षा से जुड़ा कोई मजाक या अफवाह न फैलाएं। यह कानूनन अपराध है।
    5. अतिरिक्त समय का रखें ध्यान
    15 अगस्त तक सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रहेगी। जांच में सामान्य दिनों की तुलना में अधिक समय लग सकता है। अपनी यात्रा की योजना उसी अनुसार बनाएं।

    सुरक्षा इंतजाम बढ़ने से यात्रियों को जांच में कुछ अतिरिक्त समय लग सकता है, लेकिन इसका उद्देश्य सभी यात्रियों की सुरक्षित और निर्बाध यात्रा सुनिश्चित करना है। सुरक्षा व्यवस्था की लगातार समीक्षा हो रही है। आवश्यकता के अनुसार अतिरिक्त कदम भी उठाए जाएंगे।
    -विनोद कुमार, निदेशक, रांची एयरपोर्ट

    खबरें और भी