Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    रांची एयरपोर्ट से वाराणसी-रायपुर समेत इन शहरों के लिए बढ़ेंगी उड़ानें, एयरपोर्ट एडवाइजरी कमेटी की बैठक में मंथन

    Updated: Sat, 18 Jul 2026 11:46 PM (IST)

    रांची हवाईअड्डे पर सांसद संजय सेठ की अध्यक्षता में हुई बैठक में वाराणसी, रायपुर जैसे नए शहरों के लिए सीधी उड़ानें शुरू करने और दिल्ली के लिए उड़ानें ब ...और पढ़ें

    रांची एयरपोर्ट। फाइल फोटो

    रांची एयरपोर्ट। फाइल फोटो

    HighLights

    1. रांची से वाराणसी, रायपुर के लिए नई उड़ानें शुरू होंगी।

    2. दिल्ली के लिए उड़ानों की संख्या बढ़ाने पर जोर दिया गया।

    3. यात्रियों की सुविधा और हवाई संपर्क बढ़ाने पर चर्चा हुई।

    जागरण संवाददाता, रांची। बिरसा मुंडा हवाईअड्डा, रांची में शनिवार को विमानपत्तन सलाहकार समिति की बैठक सांसद, केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री एवं समिति के अध्यक्ष संजय सेठ की अध्यक्षता में हुई।

    बैठक में रांची एयरपोर्ट से वाराणसी, रायपुर समेत अन्य नए शहरों के लिए सीधी हवाई सेवा शुरू कराने, दिल्ली के लिए उड़ानों की संख्या बढ़ाने तथा यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। समिति ने हवाई संपर्क का दायरा बढ़ाने के लिए विमानन कंपनियों के साथ लगातार समन्वय करने पर जोर दिया।

    बैठक में बताया गया कि रांची से अधिक से अधिक शहरों के लिए उड़ान सेवा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से संबंधित विमानन कंपनियों को पत्र भेजा गया है। इसमें वाराणसी सहित अन्य संभावित शहरों के लिए नई उड़ानें शुरू करने तथा दिल्ली के लिए मौजूदा उड़ानों की संख्या बढ़ाने का आग्रह किया गया है। समिति का मानना है कि नई उड़ानों से यात्रियों को सुविधा मिलने के साथ राज्य के पर्यटन, व्यापार और निवेश को भी बढ़ावा मिलेगा।

    सांसद संजय सेठ ने कहा कि बैठक में यात्रियों की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता रही। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि एयरपोर्ट आने वाले यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं हो। इसके लिए सभी संबंधित एजेंसियां समन्वय के साथ कार्य करें और उपलब्ध सुविधाओं में लगातार सुधार किया जाए।

    बैठक में एयरपोर्ट परिसर में पार्किंग एवं यातायात प्रबंधन को और व्यवस्थित बनाने, टर्मिनल भवन के आसपास अवैध पार्किंग पर प्रभावी रोक लगाने, एयरपोर्ट के निकट होटल एवं विश्रामगृह की उपलब्धता बढ़ाने तथा कॉरपोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) के तहत किए जाने वाले कार्यों पर भी चर्चा हुई।

    साथ ही हवाई संपर्क सेवाओं के विस्तार के लिए आवश्यक प्रस्तावों को आगे बढ़ाने पर सहमति बनी। बैठक में एयरपोर्ट निदेशक, केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ), एयरलाइंस प्रतिनिधियों, भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण के अधिकारियों तथा विमानपत्तन सलाहकार समिति के सदस्यों ने भाग लिया।