रांची एयरपोर्ट पार्किंग में दूसरी बार चोरों का धावा, सर्वर रूम से इन्वर्टर-पीसी और कैमरे तक ले गए
रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट की पार्किंग में चोरों ने मुख्य सर्वर बूथ से इन्वर्टर, पीसी और कैमरे सहित कई कीमती सामान चुरा लिए। यह मार्च में हुई दूसरी ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर
HighLights
रांची एयरपोर्ट पार्किंग के सर्वर बूथ में चोरी।
इन्वर्टर, पीसी, कैमरा सहित कई उपकरण चोरी।
मार्च में दूसरी घटना, सुरक्षा पर उठे सवाल।
जागरण संवाददाता, रांची। बिरसा मुंडा एयरपोर्ट, रांची की पार्किंग में चोरों ने सुरक्षा व्यवस्था को चुनौती देते हुए मुख्य सर्वर बूथ को निशाना बनाया। चोर यहां से इन्वर्टर, दो पीसी, हैंड मशीन, डीवीआर, कैमरा और केबल वायर समेत कई कीमती सामान चोरी कर ले गए। घटना की जानकारी सुबह कर्मचारियों के पहुंचने पर हुई।
मामले में एयरपोर्ट पार्किंग मैनेजर अविनाश चंद्र तिवारी की लिखित शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। शिकायत के अनुसार, सुबह कर्मचारी जब कार्यस्थल पर पहुंचे तो मुख्य सर्वर में रखे हजारों रुपये मूल्य के कीमती उपकरण गायब मिले। इसके बाद आसपास तलाश की गई, लेकिन चोरी गए सामान का कोई पता नहीं चला।
19 मार्च को भी हुई थी चोरी
एयरपोर्ट पार्किंग में चोरी की यह पहली घटना नहीं है। शिकायत में बताया गया है कि इससे पहले 19 मार्च को भी चोरों ने यहां से कीमती उपकरण, नकदी और केबल वायर चोरी कर लिए थे। उस घटना को लेकर भी पुलिस में प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी।
लगातार दूसरी चोरी की घटना के बाद पार्किंग की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। खासकर एयरपोर्ट जैसे संवेदनशील परिसर में सर्वर, कैमरा और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की सुरक्षा को लेकर जिम्मेदारों की चिंता बढ़ गई है।
दो मामलों में अब तक खाली हाथ पुलिस
दोनों घटनाओं में प्राथमिकी दर्ज होने के बावजूद अब तक पुलिस चोरों तक नहीं पहुंच सकी है। चोरी गया सामान भी बरामद नहीं हुआ है। ऐसे में पुलिस के सामने नई घटना का खुलासा करने के साथ पिछली चोरी की गुत्थी सुलझाने की भी चुनौती है।
खबरें और भी
अब पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर चोरों की पहचान में जुटी है। लगातार हो रही चोरी ने एयरपोर्ट पार्किंग में सुरक्षा इंतजामों की निगरानी पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
यह भी पढ़ें- गढ़वा में SIR पर उठे सवाल, एक ही मकान नंबर पर दर्ज मिले सैकड़ों मतदाताओं के नाम