मुख्यमंत्री के निर्देश पर स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी पहुंचे सदर अस्पताल, अनशनकारी छात्र का जाना हालचाल
स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने मुख्यमंत्री के निर्देश पर रांची सदर अस्पताल में अनशन के दौरान बीमार हुए छात्र राहुल क्रांतिकारी से मुलाकात की। उन ...और पढ़ें

स्वास्थ्य मंत्री ने अस्पताल में भर्ती छात्र राहुल क्रांतिकारी से मुलाकात की। जागरण
HighLights
स्वास्थ्य मंत्री ने अस्पताल में भर्ती छात्र राहुल क्रांतिकारी से मुलाकात की।
मुख्यमंत्री के निर्देश पर स्वास्थ्य मंत्री ने छात्र का हालचाल जाना।
जागरण संवाददाता, रांची। जेपीएससी समेत विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के विरोध में चल रहे छात्र आंदोलन के बीच शुक्रवार को राज्य के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के निर्देश पर रांची सदर अस्पताल पहुंचे।
यहां उन्होंने अनशन के दौरान तबीयत बिगड़ने पर भर्ती आंदोलनकारी छात्र राहुल क्रांतिकारी से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना तथा चिकित्सकों से स्वास्थ्य की विस्तृत जानकारी ली।
स्वास्थ्य मंत्री ने अस्पताल में मौजूद डॉक्टरों को छात्र के बेहतर उपचार के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आंदोलनकारी छात्र राज्य के अपने बच्चे हैं और उनकी सुरक्षा व स्वास्थ्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि राहुल क्रांतिकारी का इलाज विशेषज्ञ चिकित्सकों की निगरानी में किया जा रहा है तथा फिलहाल उनकी स्थिति स्थिर है। स्वास्थ्य विभाग उनकी लगातार निगरानी कर रहा है।
डॉ. इरफान अंसारी ने आंदोलनरत छात्रों से भी अपील की कि वे अपने स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखें। उन्होंने कहा कि छात्रों की हर जायज चिंता सरकार तक पहुंचेगी और सरकार संवेदनशीलता के साथ उनकी बात सुनने के लिए तैयार है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकार छात्रों के हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि किसी भी समस्या का स्थायी समाधान संवाद और बातचीत से ही निकल सकता है। उन्होंने आंदोलनकारी छात्रों से अनशन और धरना समाप्त कर वार्ता का रास्ता अपनाने की अपील करते हुए कहा कि छात्रों का जीवन अनमोल है और उसे किसी भी कीमत पर खतरे में नहीं डाला जाना चाहिए।
गौरतलब है कि जेपीएससी, जेएसएससी और अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर राजधानी रांची के जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में छात्रों का आंदोलन लगातार जारी है।
अनशन के दौरान राहुल क्रांतिकारी की तबीयत बिगड़ने पर उन्हें सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। सरकार की ओर से स्वास्थ्य मंत्री की अस्पताल यात्रा को आंदोलनकारी छात्रों के प्रति संवेदनशील पहल के रूप में देखा जा रहा है।
खबरें और भी
चार घंटे बाद दूसरा छात्र भर्ती:
अनशनकारी बी पांडे धरना स्थल पर अचानक गिर पड़े। इसके बाद उन्हें सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पहले छात्र के भर्ती होने के चार घंटे के अंदर ही यह दूसरी घटना है जिसके बाद उन्हें भर्ती कराया गया है। दोनों इलाजरत है। इधर तीन छात्र अनशन पर धरनास्थल पर ही बैठे हैं।