रांची के जगन्नाथपुर मंदिर में लूट का विरोध करने पर हुई गार्ड बिरसा की हत्या, 25 साल की सेवा का दुखद अंत
रांची के ऐतिहासिक जगन्नाथपुर मंदिर में गार्ड बिरसा की हत्या कर दी गई। उन्होंने मंदिर की दान पेटियां लूटने आए अपराधी का विरोध किया था, जिसके बाद अपराधी ...और पढ़ें

जगन्नाथपुर मंदिर: लूट का विरोध करने पर गार्ड बिरसा की हत्या। सीसीटीवी फुटेज में अपराधी।
HighLights
गार्ड बिरसा ने 25 साल तक मंदिर की सेवा की।
लूट का विरोध करने पर अपराधी ने बेरहमी से हत्या की।
सीसीटीवी फुटेज में अपराधी की करतूत कैद हुई।
जागरण संवाददाता, रांची (धुर्वा)। राजधानी के ऐतिहासिक जगन्नाथपुर मंदिर में हुई गार्ड की हत्या के मामले में रोंगटे खड़े कर देने वाले खुलासे हुए हैं। पुलिस जांच में यह बात सामने आई है कि गार्ड बिरसा ने अपनी जान की परवाह न करते हुए मंदिर की संपत्ति को बचाने की कोशिश की, जिसके बदले अपराधी ने उनकी बेरहमी से हत्या कर दी।
कर्तव्य की वेदी पर 25 साल की सेवा का अंत
मृतक बिरसा खूंटी जिले के निवासी थे और पिछले 25 वर्षों से जगन्नाथपुर मंदिर की सेवा में सुरक्षा गार्ड के रूप में तैनात थे। मंदिर प्रबंधन और स्थानीय लोगों के बीच वह अपनी मिलनसार छवि और ईमानदारी के लिए जाने जाते थे। शुक्रवार की सुबह जब उनका लहूलुहान शव परिसर में मिला, तो हर कोई दंग रह गया।

सीसीटीवी में कैद हुई अपराधी की करतूत
पुलिस जांच और सीसीटीवी फुटेज के अनुसार, देर रात एक नकाबपोश अपराधी मंदिर परिसर में दाखिल हुआ। फुटेज से स्पष्ट हुआ है कि अपराधी मंदिर की दो दान पेटियां चुराकर भागने की फिराक में था।
इसी दौरान सतर्क गार्ड बिरसा ने उसे देख लिया और रोकने का प्रयास किया। अपराधी ने पकड़े जाने के डर से लोहे की रॉड से बिरसा के सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिए, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
खबरें और भी
लूट का विरोध करने पर हुआ हमला
फुटेज में संदिग्ध युवक चेहरा ढककर मंदिर में प्रवेश करते और फिर दो भारी दान पेटियां लेकर बाहर निकलते हुए दिखाई दे रहा है। बिरसा ने निहत्थे होने के बावजूद लुटेरे का डटकर मुकाबला किया।
मंदिर की संपत्ति को बचाने की जद्दोजहद में उन्होंने अपने प्राणों की आहुति दे दी। मौके से पुलिस को हत्या में इस्तेमाल की गई रॉड और अन्य सबूत मिले हैं, जिन्हें एफएसएल की टीम ने जांच के लिए जब्त कर लिया है।

पुलिस महकमे में हलचल और जांच तेज
घटना की जानकारी मिलते ही एसएसपी, सिटी एसपी और कई थानों के पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। 25 वर्षों तक मंदिर की रक्षा करने वाले बिरसा की हत्या से मंदिर समिति के सदस्यों में गहरा आक्रोश और शोक है।
एसएसपी रांची ने आश्वासन दिया है कि अपराधी को जल्द ही सलाखों के पीछे भेजा जाएगा। वर्तमान में पुलिस की विशेष टीमें और डॉग स्क्वायड की मदद से फरार अपराधी की तलाश में छापेमारी जारी है।

मंदिर परिसर में बदवास परिजन। सदमें में गार्ड बिरसा की पत्नी व पुत्र। (फोटो: जागरण)
यह भी पढ़ें- रांची के ऐतिहासिक जगन्नाथपुर मंदिर परिसर में गार्ड की हत्या, SSP और भारी पुलिस बल मौके पर; जांच जारी
यह भी पढ़ें- राज्य गठन के बाद से जमे हैं! झारखंड पुलिस विभाग में स्थानांतरण की तैयारी, सिपाही से लेकर अकाउंटेंट तक रडार पर