रांची के खेलगांव थाना से फरार आरोपित गिरफ्तार, लापरवाही पर दो पुलिसकर्मी सस्पेंड
चोरी के आरोप में खेलगांव थाना की हाजत से फरार हुए मो. असफाक अंसारी को पुलिस ने नामकुम से दोबारा गिरफ्तार कर लिया है। ...और पढ़ें
-1785612878319_m.webp)
प्रस्तुति के लिए इस्तेमाल की गई तस्वीर।
HighLights
चोरी का आरोपित असफाक अंसारी हाजत से फरार हुआ था।
पुलिस ने उसे नामकुम से दोबारा गिरफ्तार कर लिया है।
लापरवाही के आरोप में दो पुलिसकर्मी निलंबित किए गए।
जागरण संवाददाता, रांची। खेलगांव थाना की हाजत से बाथरूम के वेंटिलेटर के रास्ते फरार हुए चोरी के आरोपित मो असफाक अंसारी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस को सूचना मिली थी कि वह नामकुम स्थित आजाद कॉलोनी में अपने मोहल्ले के आसपास घूम रहा है। सूचना के आधार पर छापेमारी की गई और उसे दबोच लिया गया।
मामले में उसकी पत्नी को भी गिरफ्तार किया गया है। घटना को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी राकेश रंजन ने तत्काल कार्रवाई की। प्रथम दृष्टया ड्यूटी में लापरवाही पाए जाने पर ओडी प्रभारी शिवनंदन कुमार और एक अन्य पुलिसकर्मी को निलंबित कर दिया गया है।
वहीं, थाना प्रभारी से पूरे मामले में जवाब तलब किया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि विभागीय जांच पूरी होने के बाद थाना प्रभारी की भूमिका के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।
जानकारी के अनुसार, चोरी के मामले में गिरफ्तार असफाक अंसारी लगातार बाथरूम जाने की जिद कर रहा था। इसके बाद ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी उसे हाजत से निकालकर बाथरूम तक ले गए।
कुछ समय बाद जब पुलिसकर्मियों ने उसे आवाज दी तो अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। संदेह होने पर दरवाजा खोला गया तो आरोपित वहां नहीं था। जांच में सामने आया कि वह बाथरूम के वेंटिलेटर के रास्ते निकलकर फरार हो गया था। घटना के बाद थाना परिसर और आसपास के इलाकों में तत्काल खोजबीन शुरू की गई।
पुलिस ने तकनीकी और स्थानीय सूचना तंत्र का सहारा लेते हुए आरोपित की तलाश जारी रखी। इसी दौरान उसके मोहल्ले में मौजूद होने की सूचना मिली, जिसके बाद पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए उसे फिर से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस का कहना है कि फरारी के बावजूद आरोपित अधिक देर तक कानून से बच नहीं सका। असफाक अंसारी, उसकी पत्नी और एक नाबालिग पर खेलगांव क्षेत्र के अंजनी घोष के घर में चोरी करने का आरोप है।
शिकायत के अनुसार घर से सोने का मंगलसूत्र, सोने के झुमके, दो जोड़ी चांदी की पायल और मोबाइल फोन चोरी हो गए थे। पुलिस ने आरोपितों के पास से चोरी के जेवरात भी बरामद किए हैं। मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है।