इमेजिंग तकनीक से होगी मनीष हत्याकांड की जांच, प्रिंस खान को आतंकी घोषित करने की तैयारी में पुलिस
रांची के टीटोस बार में वेटर मनीष हत्याकांड की जांच अब डिजिटल और फॉरेंसिक इमेजिंग तकनीकों से होगी। पुलिस प्रिंस खान को आतंकी घोषित करने की तैयारी में ह ...और पढ़ें

प्रिंस खान की फाइल फोटो

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
प्रिंस श्रीवास्तव, रांची। रांची के टीटोस बार में वेटर मनीष हत्याकांड की जांच अब अत्याधुनिक इमेजिंग तकनीकों के जरिए की जाएगी। पुलिस ने इस चर्चित मामले की गहराई से पड़ताल के लिए डिजिटल और फॉरेंसिक इमेजिंग का सहारा लेने का निर्णय लिया है, ताकि अपराधियों तक सटीक तरीके से पहुंचा जा सके।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, अपराध स्थल के सटीक प्रलेखन (क्राइम सीन डाक्यूमेंटेशन) के लिए हाई-रिजोल्यूशन फोटोग्राफी और डिजिटल इमेजिंग का उपयोग किया जाएगा। इसके साथ ही सीसीटीवी फुटेज और अन्य वीडियो स्रोतों से प्राप्त धुंधली तस्वीरों को साफ कर संदिग्धों की पहचान करने के लिए डिजिटल इमेज एनालिसिस तकनीक का सहारा लिया जाएगा।
फॉरेंसिक इमेजिंग के माध्यम से सूक्ष्म साक्ष्यों जैसे फिंगरप्रिंट आदि को भी उभारने की कोशिश की जाएगी। जांच के दौरान जरूरत पड़ने पर थर्मल इमेजिंग तकनीक का भी उपयोग किया जा सकता है, जिससे अंधेरे या कम दृश्यता वाली परिस्थितियों में संदिग्धों की गतिविधियों पर नजर रखी जा सके। पुलिस का मानना है कि इन आधुनिक तकनीकों के उपयोग से जांच की गति और सटीकता दोनों में सुधार होगा।
प्रिंस खान को आतंकी घोषित करने की तैयारी में जुटी पुलिस
इस बीच जांच में एक अहम खुलासा हुआ है। पुलिस को सूचना मिली है कि इस मामले से जुड़े प्रिंस खान के पाकिस्तान में होने की संभावना है। बताया जा रहा है कि वह वहां फैज खान के नाम से रह रहा है और उसकी एक आईडी भी पुलिस के हाथ लगी है। पुलिस उसकी गतिविधियों और नेटवर्क के बारे में विस्तृत जानकारी जुटाने में लगी हुई है।
खबरें और भी
पुलिस के अनुसार प्रिंस खान को आतंकी घोषित करने की प्रक्रिया पर भी विचार किया जा रहा है। यदि ऐसा होता है, तो उसके खिलाफ गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम (यूएपीए) की धाराएं लगाई जाएंगी। अधिकारियों का कहना है कि जो भी व्यक्ति प्रिंस खान की मदद करने में सहयोग करेगा उसपर पर भी यही धारा लगाई जाएगी। उसे भी आतंकी सहयोगी मानते हुए देशद्रोह के तहत कार्रवाई की जाएगी।
राहुल की तलाश में लगातार चल रही है छापामारी
पुलिस का कहना है कि प्रिंस गैंग के सक्रिय सदस्य राहुल की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। पुलिस को जानकारी मिली है कि राहुल रंगदारी से वसूले गए पैसे को जमीन के कारोबार में निवेश करता है। इस बिंदु पर भी गंभीरता से जांच की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि इस पूरे मामले में तकनीकी साक्ष्य, डिजिटल डेटा और मानव इंटेलिजेंस को जोड़कर कार्रवाई की जा रही है। आने वाले दिनों में और बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है। फिलहाल पुलिस का फोकस फरार आरोपितों की गिरफ्तारी और पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने पर है।
पहचान पत्र में प्रिंस खान की जन्मतिथि 11 जून 1990
पुलिस के अनुसार प्रिंस खान का एक आइडी मिला है। आइडी में फोटो भी है। इस पहचान पत्र में प्रिंस खान की जन्मतिथि 11 जून 1990 अंकित है। पुलिस इसकी गंभीरता से जांच कर रही है। पहचान पत्र में देखा जा रहा है कि यह 12 मई 2025 को यह जारी हुआ है।
12 मई 2035 तक यह मान्य है। हालांकि इस पहचान पत्र में पाकिस्तान का झंडा लाल रंग का दिख रहा है। पुलिस का कहना है कि पूरी तरह से सत्यापन करने के बाद ही कुछ कहा जा सकता है।
यह भी पढ़ें- भूख, डर या बदइंतजामी? पलामू में आधी रात स्कूल से भागे 4 बच्चे, बिना रजिस्ट्रेशन चल रहे आवासीय विद्यालय की खुली पोल
यह भी पढ़ें- झारखंड में 207 डिप्टी कलेक्टर को मिली पोस्टिंग, इनमें बिहार के 10 और यूपी के 3 अधिकारी