रांची मेयर रोशनी खलखो का संकल्प: 5 साल में बदलेगा शहर का स्वरूप, मोबाइल पर होगा हर समस्या का समाधान
रांची की मेयर रोशनी खलखो ने शहर के विकास की योजनाएं बताईं। अगले पांच वर्षों में रांची का स्वरूप बदलने का लक्ष्य है, जिसमें बुनियादी सुविधाओं, सफाई और ...और पढ़ें
-1772842438113_m.webp)
दैनिक जागरण कार्यालय में रांची मेयर रोशनी खलखो। फोटो जागरण

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, रांची। रांची की मेयर रोशनी खलखो ने शहर के विकास को लेकर कई महत्वपूर्ण योजनाओं की जानकारी दी। दैनिक जागरण के साथ बातचीत में उन्होंने कहा कि आने वाले पांच वर्षों में रांची का स्वरूप पूरी तरह बदलने का लक्ष्य रखा गया है।
नगर निगम की प्राथमिकता पहले वर्तमान क्षेत्र को व्यवस्थित और बेहतर बनाना है, ताकि शहरवासियों को बुनियादी सुविधाएं आसानी से मिल सकें। मेयर ने बताया कि पूरे शहर को सुंदर और व्यवस्थित बनाने के लिए बड़े पैमाने पर सफाई, सड़क सुधार और सौंदर्यीकरण का काम किया जाएगा। इसके साथ ही नगर निगम के क्षेत्र का विस्तार करने के लिए राज्य सरकार से सहयोग लिया जाएगा।
नगर निगम की कार्यप्रणाली को बनाया जाएगा आसान
उनका कहना है कि शहर का तेजी से विस्तार हो रहा है, इसलिए निगम क्षेत्र को भी बढ़ाना जरूरी है, ताकि अधिक से अधिक लोगों तक नगर निगम की सेवाएं पहुंच सकें। रोशनी खलखो ने यह भी कहा कि नगर निगम की कार्यप्रणाली को लोगों के लिए आसान बनाया जाएगा।

उन्होंने स्पष्ट किया कि अब नागरिकों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए निगम कार्यालय के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। इसके बजाय नगर निगम के अधिकारी और वार्ड पार्षद खुद लोगों तक पहुंचेंगे और उनकी समस्याओं को मौके पर ही सुनकर समाधान करने की कोशिश करेंगे।
खबरें और भी
पानी की समस्या को लेकर उठाए जाएंगे ठोस कदम
गर्मी के मौसम में पानी की समस्या को नगर निगम की बड़ी चुनौती बताते हुए मेयर ने कहा कि इस दिशा में ठोस कदम उठाए जाएंगे। शहर के विभिन्न इलाकों में बड़े पैमाने पर बोरिंग कराए जाएंगे और पानी की आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए टैंकरों की भी खरीदारी की जाएगी। इससे गर्मी के दौरान लोगों को पानी की किल्लत का सामना नहीं करना पड़ेगा।
आने वाले वर्षों में शुरू की जाएंगी कईयोजनाएं
उन्होंने कहा कि आने वाले वर्षों में कई नई योजनाएं भी शुरू की जाएंगी, जिनका उद्देश्य शहरवासियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है। मेयर के अनुसार, नगर निगम की कोशिश होगी कि रांची को एक स्वच्छ, सुंदर और सुविधाजनक शहर के रूप में विकसित किया जाए, जहां लोगों को मूलभूत सेवाएं आसानी से मिल सकें।
प्रश्न: मेयर बनने के बाद आपकी पहली प्राथमिकता क्या होगी
- उत्तर: मेरी पहली प्राथमिकता रांची को साफ-सुथरा और व्यवस्थित शहर बनाना है। लोगों को बुनियादी सुविधाएं समय पर मिलें, इस पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। कचरा प्रबंधन, सफाई व्यवस्था और जलापूर्ति को बेहतर बनाने के लिए ठोस कदम उठाए जाएंगे। साथ ही नागरिकों की शिकायतों का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।
प्रश्न: शहर की समस्याओं के समाधान के लिए मोबाइल नंबर जारी करने की योजना क्या है
- उत्तर: नगर निगम एक विशेष मोबाइल नंबर जारी करेगा। नागरिक अपने इलाके की समस्या जैसे कचरा, गंदगी, टूटी सड़क या पानी की समस्या की फोटो उस नंबर पर भेज सकेंगे। फोटो मिलते ही संबंधित वार्ड पार्षद और अधिकारियों को इसकी जानकारी दी जाएगी। इससे समस्या का समाधान जल्दी हो सकेगा। इसकी मानिटरिंग मैं खुद करूंगी ताकि लोगों की शिकायतों का समय पर समाधान हो।
प्रश्न: गर्मी के मौसम में जल संकट से निपटने के लिए क्या तैयारी की जा रही है
- उत्तर: गर्मी को देखते हुए शहर में 55 स्थानों पर बोरिंग कराने की योजना बनाई गई है। इसके अलावा पानी की मांग को देखते हुए टैंकरों की संख्या भी बढ़ाई जाएगी। हमारा प्रयास रहेगा कि किसी भी इलाके में पानी के लिए लोगों को ज्यादा इंतजार न करना पड़े और जरूरत पड़ते ही टैंकर उपलब्ध कराया जा सके।
प्रश्न: वार्ड स्तर पर लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए क्या व्यवस्था होगी
- उत्तर: हम हर वार्ड में लोगों की समस्याएं सुनने और उनके समाधान के लिए कार्यालय खोलने की योजना पर काम कर रहे हैं। कुछ वार्डों में कार्यालय पहले से हैं, जबकि अन्य जगहों पर इसके लिए स्थान चिन्हित किए जा रहे हैं। इससे लोगों को अपनी शिकायत लेकर दूर नहीं जाना पड़ेगा और स्थानीय स्तर पर ही समाधान संभव होगा।
प्रश्न: शहर के विकास को लेकर आपकी दीर्घकालिक योजना क्या है
- उत्तर: रांची तेजी से विकसित हो रहा शहर है और इसकी आबादी भी लगातार बढ़ रही है। ऐसे में नगर निगम के क्षेत्र को बढ़ाने के लिए राज्य सरकार से सहयोग लिया जाएगा। इसके साथ ही नगर विकास विभाग में वर्षों से लंबित योजनाओं को तलाशकर उन्हें जमीन पर उतारा जाएगा। हमारा लक्ष्य है कि रांची को साफ, सुंदर और व्यवस्थित शहर के रूप में विकसित किया जाए।