रांची से लापता अदिति का सुराग देने पर अब मिलेगा 1 लाख का इनाम, नाले में फिर से चलेगा सर्च अभियान
रांची से 9 मई से लापता अदिति की तलाश में पुलिस ने सूचना देने वाले को इनाम राशि 50 हजार से बढ़ाकर एक लाख रुपये कर दी है। पुलिस अब अदिति के घर से स्वर्ण ...और पढ़ें

लापता बच्ची अदिति। फाइल फोटो
HighLights
अदिति की सूचना पर इनाम राशि एक लाख हुई।
पुलिस स्वर्णरेखा नदी तक विशेष सर्च अभियान चलाएगी।
परिवार नाले में गिरने की संभावना से इनकार कर रहा।
जागरण संवाददाता, रांची। सदर इलाके से 9 मई से लापता अदिति की तलाश अब भी जारी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए रांची पुलिस ने अदिति के बारे में सूचना देने वाले को अब एक लाख रुपये का इनाम देने की घोषणा की है। इससे पहले पुलिस ने 50 हजार रुपये के इनाम की घोषणा की थी, जिसे बढ़ाकर दोगुना कर दिया गया है।
पुलिस ने अदिति की तीन तस्वीरों के साथ नया पोस्टर भी जारी किया है और लोगों से किसी भी तरह की जानकारी मिलने पर तुरंत पुलिस को सूचित करने की अपील की है। अदिति के लापता होने के बाद पुलिस और एनडीआरएफ की टीम ने कई दिनों तक इलाके के नालों और आसपास के क्षेत्रों में सर्च अभियान चलाया।
अब तक पुलिस के हाथ खाली
पुलिस ने अदिति की तलाश गेतलसूद डैम तक की, लेकिन अब तक उसका कोई सुराग नहीं मिल पाया है। जांच के दौरान आसपास के दर्जनों सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले गए, लेकिन उनमें भी अदिति के बारे में कोई स्पष्ट जानकारी नहीं मिली। इधर अदिति के घरवालों का कहना है कि वह कभी नाले की ओर नहीं जाती थी।
परिवार का दावा है कि अदिति के नाले में गिरने की संभावना बहुत कम है। परिजन लगातार इस मामले की गहराई से जांच कराने और अन्य संभावनाओं पर भी ध्यान देने की मांग कर रहे हैं।
नाले में गिरने की आशंका
वहीं पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अदिति के नाले में गिरने की आशंका से भी इंकार नहीं किया जा सकता।
लापता होने के बाद कई दिनों तक हुई लगातार बारिश के कारण नालों में पानी का बहाव काफी तेज और गहरा हो गया था। ऐसे में सर्च अभियान के दौरान कई तरह की कठिनाइयों का सामना करना पड़ा।
पुलिस ने कहा है कि एक बार फिर अदिति के घर के आसपास के इलाके से लेकर स्वर्णरेखा नदी तक विशेष सर्च अभियान चलाया जाएगा। इसके लिए अलग-अलग टीमों को लगाया जाएगा
ताकि हर संभावित जगह की जांच की जा सके। पुलिस का कहना है कि मामले को लेकर लगातार प्रयास जारी हैं और जल्द से जल्द अदिति के बारे में जानकारी जुटाने की कोशिश की जा रही है।
अदिति की बरामदगी को लेकर घरवालों ने मेन रोड में किया प्रदर्शन
अदिति की बरामदगी को लेकर उसके घरवालों ने रविवार को मेन रोड में प्रदर्शन किया। परिजन पोस्टर और बैनर लेकर सड़क पर उतरे तथा पुलिस प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई।
खबरें और भी
प्रदर्शन कर रहे लोगों का कहना था कि अदिति के लापता होने के कई दिन बीत जाने के बावजूद पुलिस मामले की ठीक से जांच नहीं कर रही है और अब तक कोई ठोस सुराग सामने नहीं आया है।
घरवालों ने कहा कि यदि जल्द अदिति को खोजकर बरामद नहीं किया गया तो वे आंदोलन को और तेज करेंगे तथा दूसरे तरीके से विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। प्रदर्शन के दौरान लोगों ने पुलिस प्रशासन से मामले में तेजी लाने और हर पहलू पर जांच करने की मांग की।
इस मौके पर समाजसेवी भैरव सिंह समेत कई लोग मौजूद रहे। प्रदर्शन में शामिल लोगों ने अदिति की सुरक्षित बरामदगी की मांग करते हुए प्रशासन से जल्द कार्रवाई करने की अपील की।
यह भी पढ़ें- कारोबारी के एक लाख लेकर भाग गया कुत्ता, बाइक के बैग में पन्नी में रखे थे रुपये
यह भी पढ़ें- रांची में 12 दिन से लापता अदिति, ₹50000 इनाम के बाद भी नहीं मिला सुराग; अब गेतलसुद डैम में चलेगा सर्च अभियान