विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पहले अपहरण की सूचना, फिर बदली कहानी! रांची में विधायक के पुत्र से मारपीट मामले में पांच लोग बनाए गए आरोपित

Published: Wed, 09 Sep 2026 12:35 PM (IST)

रांची में विधायक के पुत्र सौरभ के साथ मारपीट और जबरन कार में ले जाने के मामले में पांच लोगों ...और पढ़ें

विधायक के पुत्र से मारपीट मामले में पांच लोग आरोपित। जागरण

विधायक के पुत्र से मारपीट मामले में पांच लोग आरोपित। जागरण

HighLights

  1. विधायक के पुत्र सौरभ से मारपीट, पांच लोगों पर प्राथमिकी।

  2. पुलिस ने अपहरण की धारा में केस दर्ज नहीं किया।

जागरण संवाददाता, रांची। राजधानी रांची में विधायक के पुत्र सौरभ के साथ मारपीट और उन्हें जबरन कार में बैठाकर ले जाने के मामले में विधानसभा थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है। सिटी एसपी पारस राणा ने बताया कि सौरभ के बयान पर दर्ज प्राथमिकी में पांच लोगों को आरोपित बनाया गया है। हालांकि, इस मामले में अपहरण की धारा के तहत केस दर्ज नहीं किया गया है।

प्राथमिकी में मारपीट करने और जबरन कार में बैठाकर ले जाने का आरोप लगाया गया है। पुलिस आरोपितों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की तैयारी में जुटी है।

पुलिस के अनुसार, सोमवार की शाम एमिटी यूनिवर्सिटी में सौरभ के साथ मारपीट की घटना हुई थी। घटना के बाद पुलिस को सूचना मिली कि विधायक पुत्र सौरभ का अपहरण कर लिया गया है। सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हुई और कुछ ही देर में सौरभ को बरामद कर लिया गया। इसके बाद पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि मामला अपहरण का नहीं था। पुलिस के अनुसार, सौरभ और कुछ युवकों के बीच नशे की हालत में मारपीट हुई थी। इसके बाद आरोपित सौरभ को जबरन कार में बैठाकर वहां से ले गए थे। पुलिस की जांच में सौरभ के नशे में होने की बात भी सामने आई है।

पुलिस ने सौरभ का बयान दर्ज करने के बाद पांच लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। अब पुलिस घटना के समय मौके पर मौजूद लोगों से पूछताछ करने के साथ ही पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटा रही है।

पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि मारपीट की शुरुआत किस बात को लेकर हुई थी और सौरभ को कार में बैठाकर कहां ले जाया गया था। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आरोपितों की पहचान कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। 

यह भी पढ़ें- 'पहले टक्कर... फिर 15 लोगों की एंट्री!' रांची में कार विवाद ने लिया हिंसक मोड़, चेन और पैसे छीनने का आरोप