40 लाख से नए मोबाइल टॉयलेट खरीदने की तैयारी में रांची नगर निगम, इधर शहर में सड़ रहे पुराने शौचालय
रांची नगर निगम के अधिकांश मोबाइल टॉयलेट खराब पड़े हैं, जिससे सावन मेले में श्रद्धालुओं को परेशानी होगी। निगम 40 लाख रुपये में आठ नए टॉयलेट खरीदने की त ...और पढ़ें

एआई जेनरेटेड इमेज।
HighLights
12 में से केवल 2-3 मोबाइल टॉयलेट ही उपयोग लायक।
सावन मेले में श्रद्धालुओं को शौचालय की समस्या होगी।
मनोरंजन, रांची। रांची नगर निगम शहर में सार्वजनिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए करीब 40 लाख रुपये खर्च कर आठ नए मोबाइल टॉयलेट खरीदने की तैयारी में है। लेकिन दूसरी ओर निगम के पास पहले से मौजूद करीब एक दर्जन मोबाइल टॉयलेटों में अधिकांश वर्षों से खराब पड़े हैं और शहर के अलग-अलग हिस्सों में कबाड़ बनकर सड़ रहे हैं।
हालत यह है कि सिर्फ दो से तीन मोबाइल टॉयलेट ही उपयोग की स्थिति में हैं, जबकि पिछले छह महीने से निगम की मोबाइल टॉयलेट सेवा लगभग ठप पड़ी है। इसका सीधा असर अब सावन मेला समेत शहर में होने वाले बड़े धार्मिक, सामाजिक और राजनीतिक आयोजनों पर पड़ने वाला है।
हर वर्ष नगर निगम निर्धारित शुल्क लेकर सावन मेला, रथ मेला, राजनीतिक रैलियों और अन्य बड़े कार्यक्रमों में मोबाइल टॉयलेट उपलब्ध कराता था, लेकिन इस बार अधिकांश टॉयलेट खराब होने के कारण यह व्यवस्था प्रभावित हो गई है। अगले सप्ताह से शुरू होने वाले सावन मेले में स्वर्णरेखा नदी के घाटों पर जलाभिषेक के लिए प्रतिदिन हजारों श्रद्धालु पहुंचेंगे।
मोबाइल टॉयलेट की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने पर महिलाओं, बुजुर्गों और दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। पर्याप्त शौचालय नहीं होने से लोगों को खुले में शौच जाने की मजबूरी भी हो सकती है, जिससे स्वच्छता व्यवस्था पर भी असर पड़ेगा।
खबरें और भी
नगर निगम सूत्रों के अनुसार, एक मोबाइल टॉयलेट की कीमत लगभग चार से पांच लाख रुपये है। समय पर रखरखाव नहीं होने के कारण करोड़ों रुपये की यह परिसंपत्ति धीरे-धीरे बेकार हो गई। कई मोबाइल टॉयलेट खुले में खड़े-खड़े जर्जर हो चुके हैं और अब कबाड़ में तब्दील होने की स्थिति में हैं।
बोर्ड बैठक में आठ नए मोबाइल टॉयलेट खरीदने को मंजूरी
मोबाइल टायलेट की कमी को देखते हुए नगर निगम बोर्ड की हालिया बैठक में करीब 40 लाख रुपये की लागत से आठ नए मोबाइल टॉयलेट खरीदने पर सहमति दी गई है। हालांकि खरीद प्रक्रिया पूरी होने और इनके उपलब्ध होने में अभी समय लगेगा। ऐसे में इस बार सावन मेला और अन्य बड़े आयोजनों में लोगों को मोबाइल टॉयलेट की कमी का सामना करना पड़ सकता है।
एक नजर में
रांची नगर निगम के पास वर्तमान में करीब 12 मोबाइल टॉयलेट उपलब्ध हैं, लेकिन इनमें से सिर्फ दो से तीन ही उपयोग की स्थिति में हैं। शेष मोबाइल टॉयलेट खराब होने के कारण पिछले लगभग छह महीनों से सेवा से बाहर हैं।
पहले इनका इस्तेमाल सावन मेला, रथ मेला, धार्मिक आयोजन, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और अन्य बड़े सार्वजनिक आयोजनों में लोगों की सुविधा के लिए किया जाता था। एक मोबाइल टॉयलेट की कीमत करीब 4 से 5 लाख रुपये है।
खराब मोबाइल टॉयलेटों के कारण आयोजनों के दौरान लोगों को अस्थायी शौचालय व्यवस्था पर निर्भर रहना पड़ रहा है। स्थिति को देखते हुए नगर निगम ने करीब 40 लाख रुपए की लागत से 8 नए मोबाइल टॉयलेट खरीदने की तैयारी शुरू कर दी है, ताकि बड़े आयोजनों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में स्वच्छता एंव नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाया जा सके।