रांची के मोरहाबादी और पंडरा में बनेंगे आधुनिक वेंडिंग जोन, 205 से अधिक वेंडरों को मिलेगी स्थायी दुकानें
रांची नगर निगम मोरहाबादी और पंडरा में आधुनिक वेंडिंग जोन विकसित कर रहा है, जिससे स्ट्रीट वेंडरों को स्थायी और व्यवस्थित व्यवसाय का अवसर मिलेगा। ...और पढ़ें

एआई द्वारा जेनरेट इमेज।
HighLights
मोरहाबादी में 205 वेंडरों के लिए स्थायी जोन।
पंडरा में भी नया आधुनिक वेंडिंग जोन बनेगा।
नगर आयुक्त ने निर्माण कार्यों की समीक्षा की।
जागरण संवाददाता, रांची। राजधानी में सड़क किनारे व्यवसाय करने वाले स्ट्रीट वेंडरों को जल्द ही व्यवस्थित और स्थायी ठिकाना मिलेगा। रांची नगर निगम मोरहाबादी और पंडरा में आधुनिक वेंडिंग जोन विकसित करने की दिशा में तेजी से काम कर रहा है।
मंगलवार को नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने मोरहाबादी, टैगोर हिल और पंडरा क्षेत्र का निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की समीक्षा की।
उन्होंने अधिकारियों को गुणवत्ता के साथ समय पर काम पूरा करने और सभी आवश्यक नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
नगर आयुक्त ने कहा कि निगम का उद्देश्य सिर्फ वेंडरों को बैठाने की व्यवस्था करना नहीं, बल्कि ऐसे आधुनिक वेंडिंग जोन विकसित करना है, जहां स्ट्रीट वेंडरों को सम्मानजनक माहौल में व्यवसाय करने का अवसर मिले और आम लोगों को भी बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हों।
मोरहाबादी में 205 वेंडरों के लिए बन रहा वेंडिंग जोन
मोरहाबादी रजिस्ट्री कार्यालय के सामने करीब 3.26 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक वेंडिंग जोन का निर्माण किया जा रहा है।
यहां लगभग 205 स्ट्रीट वेंडरों के लिए स्थायी दुकानें विकसित की जा रही हैं। परिसर में पेयजल, शौचालय, पाथवे, बेहतर ड्रेनेज, वर्षा जल संचयन, लैंडस्केपिंग, विद्युत व्यवस्था और गार्ड रूम जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने आसपास की सरकारी जमीन को भी परियोजना में शामिल कर एकीकृत विकास योजना तैयार करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि पूरे क्षेत्र को माडल कारिडोर के रूप में विकसित किया जाए, ताकि यह शहर की नई पहचान बन सके।
मान्या पैलेस से टीआरआई तक बनेगा आधुनिक पाथवे
निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने मान्या पैलेस से टीआरआई तक पैदल भ्रमण किया। उन्होंने अभियंत्रण शाखा को पूरे मार्ग पर पेविंग ब्लाक के साथ आधुनिक पाथवे विकसित करने का निर्देश दिया।
खबरें और भी
होटल पार्क प्राइम से टीआरआई तक हाल में अतिक्रमण मुक्त कराई गई सरकारी जमीन के समग्र विकास की भी योजना तैयार करने को कहा।
टैगोर हिल के पास अस्थायी वेंडिंग स्थल का लिया जायजा
नगर आयुक्त ने टैगोर हिल के समीप विकसित अस्थायी वेंडिंग स्थल का भी निरीक्षण किया। यहां मोराबादी मैदान से हटाए गए करीब 250 स्ट्रीट वेंडरों का पुनर्वास किया गया है।
उन्होंने परिसर की नियमित सफाई, हाईमास्ट और स्ट्रीट लाइट लगाने, मूलभूत सुविधाएं विकसित करने तथा आसपास के अतिक्रमण हटाने का निर्देश दिया।
पंडरा में भी बनेगा नया वेंडिंग जोन
इसके बाद नगर आयुक्त ने पंडरा पुल के सामने खाली सरकारी जमीन का निरीक्षण किया। यहां ओटीसी मैदान से फ्रेंड्स कालोनी तक सड़क किनारे व्यवसाय करने वाले वेंडरों के पुनर्वास के लिए आधुनिक वेंडिंग जोन विकसित करने की योजना है। अधिकारियों को विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार कर जल्द प्रस्ताव प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया।