रांची में शराब की बोतल पैर से गिराने पर दोस्तों ने कर दी युवक की हत्या, स्कूटी पर लादकर 10 KM दूर फेंका शव
रांची पुलिस ने टाटीसिलवे में अभिजीत तिवारी की हत्या का खुलासा किया है। शराब विवाद में दोस्तों ने गला दबाकर हत्या कर दी और शव को 10 किलोमीटर दूर फेंक द ...और पढ़ें
-1778338651658_m.webp)
एआई द्वारा जेनरेट इमेज।
HighLights
अभिजीत तिवारी की हत्या का रांची पुलिस ने किया खुलासा।
शराब विवाद में दोस्तों ने गला दबाकर की हत्या।
शव को स्कूटी से 10 किलोमीटर दूर फेंका गया।
जागरण संवाददाता, रांची। रांची के टाटीसिलवे थाना क्षेत्र में युवक अभिजीत तिवारी उर्फ किट्टू की हत्या मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है।
मामूली विवाद में दोस्तों ने मिलकर उसकी गला दबाकर हत्या कर दी और शव को स्कूटी से करीब 10 किलोमीटर दूर ले जाकर सुनसान इलाके में फेंक दिया।
पुलिस ने मामले में तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक अन्य आरोपित की तलाश जारी है। जानकारी के अनुसार 18 अप्रैल की रात टाटीसिलवे थाना क्षेत्र के सिपाही नदी किनारे मिलिट्री डेयरी फार्म के पास एक युवक का शव बरामद हुआ था।
मृतक की पहचान अभिजीत तिवारी उर्फ किट्टू के रूप में हुई। मामले में टाटीसिलवे थाना कांड संख्या 41/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1)/238 के अंतर्गत अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी रांची के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण और वरीय पुलिस उपाधीक्षक प्रथम के नेतृत्व में विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया। टीम में टाटीसिलवे और नामकुम थाना प्रभारी समेत कई पुलिस अधिकारी और तकनीकी शाखा के कर्मियों को शामिल किया गया।
जांच के दौरान तकनीकी साक्ष्य के आधार पर पुलिस ने चार अपराधियों की पहचान की। इनमें से विशाल राम, सन्नी मिंज और आकाश सुजय बेक को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस पूछताछ में गिरफ्तार आरोपितों ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है।
खबरें और भी
शराब पीने के दौरान हुआ विवाद
आरोपितों ने बताया कि घटना की रात नामकुम थाना क्षेत्र के जोरार स्थित बधवा ग्राउंड में सभी लोग बैठकर शराब पी रहे थे। इसी दौरान अभिजीत तिवारी वहां पहुंचा और अपने पुराने परिचित आकाश सुजय बेक से जबरदस्ती शराब और बीयर मांगने लगा।
शराब देने से मना करने पर अभिजीत ने आकाश के साथ मारपीट शुरू कर दी और वहां रखी शराब की बोतलों को पैर से गिराकर तोड़ने लगा। इसके अलावा उसने जबरन शराब की बोतल छीनकर पीनी शुरू कर दी।
आरोपितों के अनुसार अभिजीत पुराने विवाद का हवाला देकर आकाश सुजय बेक को धमकी भी देने लगा। पहले भी अभिजीत का आरोपितों के साथ विवाद हो चुका था। इसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया और गुस्से में आकर आकाश तथा उसके साथ मौजूद अन्य युवकों ने अभिजीत के साथ मारपीट शुरू कर दी।
इसके बाद सभी ने मिलकर उसे जमीन पर पटक दिया और उसका गला दबा दिया। गला दबाने से अभिजीत की मौके पर ही दम घुटने से मौत हो गई। हत्या के बाद आरोपित घबरा गए और पुलिस से बचने के लिए शव को ठिकाने लगाने की योजना बनाई।
10 किलोमीटर दूर फेंका शव
सभी आरोपित दो स्कूटी के माध्यम से मृतक को बीच में बैठाकर सिपाही पुल के पास मिलिट्री डेयरी फार्म स्थित आरागेट मैदान तक ले गए और वहां शव फेंककर फरार हो गए। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त होंडा एक्टिवा स्कूटी संख्या और तीन मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
गिरफ्तार आरोपितों में डंगराटोली निवासी विशाल राम, पत्थलकुदवा निवासी सन्नी मिंज और चैनपुर गुमला के रहने वाले आकाश सुजय बेक शामिल हैं, जो वर्तमान में नामकुम के तेतरीटोली डिवाइन नगर में रह रहा था। पुलिस के अनुसार मामले में शामिल एक अन्य आरोपित की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।