Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    रांची में राजस्व मामलों में देरी पर कड़ा रुख: DC मंजूनाथ भजन्त्री की चेतावनी- ढिलाई बरती तो लगेगा जुर्माना

    By Anuj TiwariEdited By: Shashank Baranwal
    Updated: Sat, 01 Aug 2026 12:08 PM (IST)

    रांची में उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने राजस्व मामलों को अनावश्यक रूप से लंबित रखने वाले अधिकारियों पर कार्रवाई और जुर्माने की चेतावनी दी है। ...और पढ़ें

    उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री। फाइल फोटो

    उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री। फाइल फोटो

    जागरण संवाददाता, रांची। रांची जिले में राजस्व संबंधी मामलों को अनावश्यक रूप से लंबित रखने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों पर अब कार्रवाई होगी। जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने स्पष्ट किया है कि जानबूझकर मामलों में देरी करने वाले पदाधिकारियों पर जुर्माना लगाया जाएगा। उन्होंने कहा कि आम लोगों को बार-बार कार्यालयों के चक्कर लगाने के लिए मजबूर करने वालों के प्रति जिला प्रशासन की जीरो टॉलरेंस नीति रहेगी।

    समाहरणालय स्थित एनआईसी सभागार में आयोजित राजस्व मामलों की समीक्षा बैठक में उपायुक्त ने सभी अंचलों में लंबित म्यूटेशन (दाखिल-खारिज) मामलों की अंचलवार समीक्षा की।

    जिन अंचलों में लंबित मामलों की संख्या अधिक पाई गई, वहां के अंचल अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर सभी लंबित मामलों का निष्पादन करने का निर्देश दिया गया।

    उन्होंने कहा कि प्रत्येक लंबित मामले की व्यक्तिगत निगरानी की जाएगी और शिकायत मिलने पर संबंधित अधिकारी की जवाबदेही तय होगी। बैठक में उपायुक्त ने भूमि मापी कार्यों में तेजी लाने के लिए अमीनों की रिक्तियों की भी समीक्षा की।

    उन्होंने अपर समाहर्ता को आवश्यकतानुसार प्रशिक्षित अमीनों की प्रतिनियुक्ति एवं उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया, ताकि भूमि मापी सहित अन्य राजस्व कार्य समय पर पूरे हो सकें।

    उपायुक्त ने सभी अंचल अधिकारियों से कहा कि राजस्व मामलों के निष्पादन में पारदर्शिता, जवाबदेही और संवेदनशीलता बनाए रखें तथा यह सुनिश्चित करें कि आम नागरिकों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण सेवाएं मिलें। उन्होंने दोहराया कि जनहित सर्वोपरि है और राजस्व प्रशासन में लापरवाही किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

    बैठक में अनुमंडल पदाधिकारी सदर कुमार रजत, आईएएस प्रोबेशनर आस्था शरण, अपर समाहर्ता रामनारायण सिंह, अनुमंडल पदाधिकारी बुंडू मोहनलाल मरांडी, एलआरडीसी मुकेश कुमार सहित सभी अंचल अधिकारी एवं संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।

    यह भी पढ़ें- 'मेरा कोई है का...?' सवाल सुनते ही रुके रांची DC मंजूनाथ भजन्त्री, जवाब ने जीत लिया बुजुर्गों का दिल

    खबरें और भी