रांची-सबौर परीक्षा स्पेशल ट्रेन की 95% सीटें रह जा रही हैं खाली, कांवरियों के लिए भी बनेगी मददगार
रांची से सबौर के लिए चलाई गई परीक्षा स्पेशल ट्रेन में परीक्षार्थियों की संख्या काफी कम रही, जिससे 95% सीटें खाली रह गईं। ...और पढ़ें

एआई द्वारा जेनरेट इमेज।
HighLights
परीक्षा स्पेशल ट्रेन में 95 प्रतिशत सीटें खाली रहीं।
कांवरियों के लिए सुल्तानगंज तक उपयोगी हो सकती है।
रेलवे ने यात्रियों से ट्रेन उपयोग की अपील की।
जागरण संवाददाता, रांची। रेलवे भर्ती बोर्ड की परीक्षा को लेकर रांची से सबौर के लिए चलाई गई परीक्षा स्पेशल ट्रेन में सोमवार को परीक्षार्थियों की संख्या काफी कम रही।
रांची रेलवे स्टेशन से ट्रेन के रवाना होने के समय करीब 95 प्रतिशत सीटें खाली थीं। परीक्षा को देखते हुए रेलवे ने इस ट्रेन का परिचालन शुरू किया है, लेकिन कम संख्या में परीक्षार्थियों के पहुंचने से ट्रेन का उपयोग अपेक्षा के अनुरूप नहीं हो पा रहा है।
रांची-सबौर-रांची परीक्षा स्पेशल का मार्ग सुल्तानगंज होकर है। ऐसे में बाबा धाम जाने वाले कांवरियों के लिए भी यह ट्रेन उपयोगी हो सकती है।
कांवड़िया इस ट्रेन से सुल्तानगंज तक पहुंचकर वहां से आगे की यात्रा कर सकते हैं। रेलवे ने यात्रियों से इस ट्रेन का उपयोग करने की अपील की है, ताकि परीक्षा स्पेशल का बेहतर उपयोग हो सके।
रांची से शाम सात बजे चलती है ट्रेन
ट्रेन संख्या 08601 रांची-सबौर परीक्षा स्पेशल रांची स्टेशन से शाम 7:00 बजे रवाना होती है। यह बरकाकाना, हजारीबाग टाउन, कोडरमा, नवादा, किउल, जमालपुर और सुल्तानगंज होते हुए भागलपुर पहुंचती है।
भागलपुर से शाम 7:40 बजे रवाना होकर ट्रेन रात 8:00 बजे सबौर पहुंचती है। वापसी में ट्रेन संख्या 08602 सबौर से सुबह 9:50 बजे रवाना होकर रात 10:45 बजे रांची पहुंचती है।
21 अगस्त तक चलेगी परीक्षा स्पेशल
रांची-सबौर परीक्षा स्पेशल रांची से 6 अगस्त, 9 से 14 अगस्त और 17 से 21 अगस्त तक कुल 15 फेरे चलेगी। वापसी में सबौर से 4 से 7 अगस्त, 10 से 15 अगस्त और 18 से 22 अगस्त तक कुल 15 फेरे होंगे। ट्रेन में एसएलआरडी के दो, सामान्य श्रेणी के दो और द्वितीय श्रेणी स्लीपर के 10 कोच समेत कुल 14 कोच हैं।
इसके अलावा राउरकेला-रामगढ़ कैंट परीक्षा स्पेशल भी 3 से 21 अगस्त के बीच 15 फेरे चलेगी। वापसी में रामगढ़ कैंट-राउरकेला ट्रेन 4 से 22 अगस्त तक 15 फेरे लगाएगी।