रांची में श्रावणी मेला की वजह से बदला ट्रैफिक प्लान, पहाड़ी मंदिर जाने वाले कई मार्गों पर वाहनों की नो-एंट्री
रांची ट्रैफिक पुलिस ने श्रावणी मेला 2026 के लिए पहाड़ी मंदिर हेतु विशेष ट्रैफिक प्लान जारी किया है, जो 30 जुलाई से 28 अगस्त तक लागू रहेगा। श्रद्धालुओं ...और पढ़ें

रांची ट्रैफिक। फाइल फोटो
HighLights
श्रावणी मेला 2026 के लिए रांची ट्रैफिक प्लान लागू।
पहाड़ी मंदिर जाने वाले कई मार्गों पर वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित।
श्रद्धालुओं के लिए बिरला मैदान सहित तीन पार्किंग स्थल।
जागरण संवाददाता, रांची। श्रावणी मेला 2026 के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा और सुचारु यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए रांची ट्रैफिक पुलिस ने विशेष ट्रैफिक प्लान जारी किया है। यह व्यवस्था 30 जुलाई से 28 अगस्त 2026 तक प्रभावी रहेगी।
इस दौरान प्रत्येक सोमवार 3, 10, 17 और 24 अगस्त तथा पूर्णिमा (28 अगस्त) को पहाड़ी मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए कई मार्गों पर वाहनों के परिचालन पर रोक रहेगी।
ट्रैफिक एसपी कार्यालय की ओर से जारी सूचना के अनुसार, श्रद्धालुओं और आम लोगों से चिन्हित पार्किंग स्थलों का ही उपयोग करने की अपील की गई है। साथ ही पहाड़ी मंदिर के आसपास सड़क किनारे दोपहिया और चारपहिया वाहन खड़ा नहीं करने को कहा गया है।
इन स्थानों पर होगी पार्किंग की व्यवस्था
बिरला मैदान पार्किंग: कटहल मोड़, तिलता चौक और रातू पिस्का मोड़ की ओर से आने वाले वाहन यहां पार्क किए जाएंगे।
बानो मंजिल रोड मैदान पार्किंग: धुर्वा, तुपुदाना, बिरसा चौक, हिंदपीढ़ी, डोरंडा, मेन रोड, रेडियम चौक, लालपुर, कांटाटोली और हरमू-अरगोड़ा क्षेत्र से आने वाले वाहन यहां पार्क होंगे।
रांची यूनिवर्सिटी फुटबॉल मैदान (मोराबादी) पार्किंग: कांके, पिठोरिया, बूटी मोड़, रिम्स, करमटोली, कांटाटोली और लालपुर की ओर से आने वाले श्रद्धालु इस पार्किंग स्थल का उपयोग कर सकेंगे।
इन मार्गों पर रहेगा वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित
- शनि मंदिर से पहाड़ी मंदिर मार्ग
- दुर्गा मंदिर से पहाड़ी मंदिर मार्ग
- मिनाक्षी गली से पहाड़ी मंदिर मार्ग
- गोशाला कटिंग से पहाड़ी मंदिर मार्ग
- बालाजी मंदिर से पहाड़ी मंदिर मार्ग
ट्रैफिक पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया है कि भीड़ की स्थिति के अनुसार आवश्यकता पड़ने पर अन्य मार्गों पर भी अस्थायी रूप से डायवर्ट अथवा स्टॉप की व्यवस्था लागू की जा सकती है।
रांची ट्रैफिक पुलिस ने शहरवासियों से अपील की है कि श्रावणी मेले के दौरान यातायात नियमों का पालन करें, निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही वाहन खड़ा करें तथा पुलिस प्रशासन का सहयोग करें, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।