JPSC Protest: रांची छात्र आंदोलन में संक्रमण और डिहाइड्रेशन का खतरा, अनशनकारी राहुल क्रांति अस्पताल में भर्ती
रांची के जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में चल रहे छात्र आंदोलन के बीच प्रदर्शनकारियों की सेहत चिंता का विषय बन गई है। लगातार बारिश और उमस के कारण वायरल सं ...और पढ़ें

प्रदर्शनकारी छात्र। फोटो जागरण
HighLights
जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में छात्रों का आंदोलन, स्वास्थ्य जोखिम बढ़े।
बारिश और उमस से वायरल संक्रमण, डिहाइड्रेशन का खतरा बढ़ा।
अनशन पर बैठे राहुल क्रांति को वायरल बुखार, अस्पताल में भर्ती।
जागरण संवाददाता, रांची। झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी), झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (जेएसएससी) समेत विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के विरोध में जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में चल रहे छात्र आंदोलन के बीच अब प्रदर्शनकारियों की सेहत भी चिंता का विषय बनने लगी है।
लगातार बारिश और उमस के बीच धरना स्थल पर बड़ी संख्या में छात्रों के जुटने से वायरल संक्रमण, डिहाइड्रेशन और अन्य स्वास्थ्य समस्याओं का खतरा बढ़ गया है। खासकर आमरण अनशन पर बैठे छात्रों की नियमित स्वास्थ्य निगरानी को लेकर सतर्कता जरूरी हो गई है।
आमरण अनशन पर बैठे पलामू निवासी राहुल क्रांति की तबीयत खराब हो गई। चिकित्सकों ने उनका स्वास्थ्य परीक्षण किया, जिसमें बुखार पाया गया और वायरल संक्रमण की पुष्टि हुई। फिलहाल उनकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है और चिकित्सकीय निगरानी में उनका उपचार किया जा रहा है।
एक अनशनकारी अस्पताल में भर्ती
सदर अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. विमलेश सिंह ने बताया कि फिलहाल एक मरीज अस्पताल में भर्ती है और उसका इलाज चल रहा है। वहीं, एक अन्य युवक को अचानक बेहोश होने के बाद अस्पताल लाया गया था।
खबरें और भी
प्राथमिक उपचार के दौरान उसे फ्ल्यूड दिया गया, जिसके बाद उसकी स्थिति सामान्य हो गई। चिकित्सकीय जांच के बाद उसे अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
बारिश-उमस से बढ़ी परेशानी
धरना स्थल पर पिछले कई दिनों से बड़ी संख्या में छात्र मौजूद हैं। खुले स्थान पर लगातार रहने और बारिश-उमस के बीच कई प्रदर्शनकारियों में सिरदर्द, गले में दर्द, कमजोरी और बुखार जैसी शिकायतें सामने आ रही हैं।
भीड़ में लंबे समय तक एक साथ रहने के कारण संक्रमण फैलने की आशंका भी बनी हुई है। आंदोलन स्थल पर मौजूद छात्रों के अनुसार बारिश के कारण कई जगह नमी और कीचड़ की स्थिति है। बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी को देखते हुए स्वच्छ पेयजल, साफ-सफाई और स्वास्थ्य सुविधाओं पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है।
नियमित जांच और स्वास्थ्य सुविधा की मांग
आइसा के राज्य सचिव त्रिलोकीनाथ ने कहा कि धरना स्थल पर कई प्रदर्शनकारी वायरल संक्रमण, डिहाइड्रेशन और अन्य स्वास्थ्य समस्याओं से परेशान हैं।
उन्होंने प्रशासन से अनशनकारियों की नियमित मेडिकल जांच कराने, पर्याप्त दवाइयां उपलब्ध कराने तथा स्वच्छ पेयजल और जरूरी स्वास्थ्य सुविधाएं सुनिश्चित करने की मांग की।
छात्र आंदोलन के बीच अब प्रशासन के सामने कानून-व्यवस्था के साथ प्रदर्शनकारियों की स्वास्थ्य सुरक्षा भी महत्वपूर्ण चुनौती बन गई है। विशेषकर अनशनकारियों की नियमित चिकित्सकीय निगरानी और बारिश के मौसम में संक्रमण से बचाव के इंतजाम पर तत्काल ध्यान देने की जरूरत है।