विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

रांची छात्र आंदोलन किसी पार्टी का प्रायोजित नहीं, FIR वापस ले सरकार; सीएम आवास घेरने की कोई योजना नहीं

Updated: Fri, 14 Aug 2026 11:30 AM (GMT+05:30)

जयपाल सिंह स्टेडियम में धरने पर बैठे छात्रों ने अपने आंदोलन को गैर-राजनीतिक बताया और भाजपा द्वारा प्रायोजित होने के आरोपों का खंडन किया। उन्होंने सरकार से छात्रों की मांगों को सुनने, एफआईआर वापस लेने और राहुल गांधी से समर्थन की अपील की।

छात्रों पर एफआईआर गलत, हमारी मांगे पूरी हो।

छात्रों पर एफआईआर गलत, हमारी मांगे पूरी हो।

HighLights

  1. आंदोलन छात्रों का, किसी पार्टी द्वारा प्रायोजित नहीं।

  2. सरकार से छात्रों की मांगों पर ध्यान देने की अपील।

  3. प्रदर्शनकारी छात्रों पर दर्ज एफआईआर वापस लेने की मांग।

जागरण संवाददाता, रांची। यह आंदोलन छात्रों का है। किसी पार्टी की ओर से प्रायोजित नहीं है। ये बातें गुरुवार को जयपाल सिंह स्टेडियम में धरने पर बैठे जेपीएससी एवं जेएसएससी रिफार्म मंच के रविंद्र कुमार ने कहीं। उन्होंने कहा कि यह अफवाह फैलाई जा रही है कि आंदोलन भाजपा करवा रही है, जबकि ऐसा नहीं है।

उन्होंने कहा कि हम सभी विधायकों से आह्वान करते हैं कि वे आंदोलन स्थल पर आएं और छात्रों को नैतिक समर्थन दें। मुख्यमंत्री भी आएं और छात्रों का समर्थन करें। पीयूष कुमार ने कहा कि सरकार छात्रों के दर्द को समझे। हमारे धैर्य की परीक्षा न ले सरकार।

वहीं, मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की द्वारा यह आरोप लगाए जाने पर कि सरकार से बातचीत करने गए लोग छात्र नहीं थे, रविंद्र कुमार ने कहा कि यह आरोप बिल्कुल गलत है। उन्होंने कहा कि वह स्वयं छात्र हैं और जो लोग सरकार से बातचीत करने गए थे, वे सभी छात्र थे।

उन्होंने कहा कि इंटरनेट मीडिया पर एक पोस्ट प्रसारित हो रही है कि 16 अगस्त को मुख्यमंत्री आवास का घेराव करने की तैयारी है। यह पूरी तरह गलत है। छात्रों की ओर से ऐसी कोई तैयारी नहीं की गई है। मुख्यमंत्री की नैतिक जिम्मेदारी भी बनती है कि वह पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराएं।

रिक्तियां लाने में मदद की अपील

पीयूष कुमार ने कहा कि हम सभी छात्रों से अपील करते हैं कि दरोगा, सिपाही सहित अन्य रिक्तियों को लाने में सरकार की मदद करें। हमारी केवल दो प्रतिशत मांग ही मानी गई है। बाकी मांगों को सरकार सुनने के लिए तैयार नहीं है।

छात्रों पर दर्ज न हो एफआईआर

रविंद्र कुमार ने कहा कि 10 अगस्त को छतरी मैदान में हुए प्रदर्शन को लेकर जो एफआईआर दर्ज की गई है, उसमें छात्रों को आरोपी नहीं बनाया जाए। उन्होंने सरकार और पुलिस प्रशासन से छात्रों पर एफआईआर नहीं करने का आग्रह किया।

राहुल गांधी से छात्रों के साथ आने की अपील

रविंद्र कुमार ने कहा कि उन्हें जानकारी मिली है कि राहुल गांधी ने कहा है कि झारखंड सरकार छात्रों की बात सुने, अन्यथा कांग्रेस कोई कदम उठाएगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और राहुल गांधी को छात्रों के साथ खड़ा होना चाहिए। यदि झारखंड सरकार छात्रों की मांग नहीं सुनती है तो कांग्रेस को सरकार से समर्थन वापस ले लेना चाहिए।

छात्रों ने मुख्यमंत्री आवास घेराव की खबर का किया खंडन

जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में आंदोलन कर रहे जेपीएससी-जैसेएसएससी सुधार मोर्चा के छात्रों ने मुख्यमंत्री आवास घेराव को लेकर चल रही खबरों को भ्रामक बताया है। मोर्चा की ओर से स्पष्ट किया गया है कि फिलहाल मुख्यमंत्री आवास घेराव की घोषणा नहीं की गई है।

आगे किसी भी तरह के कार्यक्रम की घोषणा मोर्चा के प्रवक्ता प्रेस कांफ्रेंस के माध्यम से करेंगे। मालूम हो कि एक दिन पहले ही 16 अगस्त को छात्रों के द्वारा मुख्यमंत्री आवास का घेराव करने की खबर तेजी से वायरल हुई थी।

मुख्यमंत्री आवास की सुरक्षा कड़ी, प्रशासन अलर्ट

इसके बाद जिला प्रशासन भी अलर्ट हो गया। देर रात प्रशासन की ओर से मुख्यमंत्री आवास के आसपास सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई और चारों तरफ बैरिकेडिंग कर मुख्यमंत्री आवास को किले में तब्दील कर दिया गया। सुरक्षा बलों की तैनाती भी बढ़ा दी गई थी।

इस बीच मोर्चा ने छात्रों और आम लोगों से अपील की है कि वे किसी भी भ्रामक खबर पर भरोसा न करें। मोर्चा ने यह भी स्पष्ट किया कि जेएसएससी सीजीएल परीक्षा से जुड़ी उनकी मांगों पर किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा। मांगों को लेकर आगे की रणनीति और कार्यक्रम की जानकारी आधिकारिक तौर पर प्रेस कांफ्रेंस के माध्यम से दी जाएगी।

यह भी पढ़ें- 14वीं जेपीएससी में धांधली की सीबीआई जांच के लिए हाई कोर्ट में याचिका, खियांग्ते की जमानत पर 25 को सुनवाई

यह भी पढ़ें- रांची, पलामू, बोकारो, हजारीबाग और गिरिडीह में चल रही है छापेमारी, JPSC घोटाले में सीआईडी की बड़ी कार्रवाई

यह भी पढ़ें- Ranchi Protest: 98% मांगें मानने के बाद भी क्यों अड़े हैं छात्र, सरकार की कोशिशें नाकाम होने के 5 बड़े कारण

यह भी पढ़ें- JPSC Scam: बिचौलिया बुद्धेश्वर से पहले रांची का संतोष जुड़ा और फिर एक-एक 24 अभ्यर्थी आए संपर्क में