रांची के अशोक नगर में करोड़ों की चोरी कांड में बड़ा खुलासा, अंतरराज्यीय गिरोह के मास्टरमाइंड तक पहुंची जांच
रांची के अशोक नगर में हुई करोड़ों की चोरी मामले में पुलिस ने अंतरराज्यीय चोर इरफान उर्फ उजाले के नेटवर्क पर शिकंजा कसा है। पुलिस ने उसकी पत्नी व सहयोग ...और पढ़ें

रांची चोरी कांड में इरफान उर्फ उजाले का नेटवर्क बेनकाब। जागरण
HighLights
रांची चोरी कांड में इरफान उर्फ उजाले का नेटवर्क बेनकाब।
पुलिस ने पत्नी और सहयोगियों को गिरफ्तार कर नकदी, जेवर बरामद किए।
जागरण संवाददाता, रांची। राजधानी रांची के पॉश इलाके अशोक नगर स्थित चर्चित बिल्डर अखिलेश पांडेय के आवास पर हुई करोड़ों रुपये की चोरी की जांच में रांची पुलिस को अहम सुराग मिले हैं। विशेष जांच दल (एसआईटी) की पड़ताल में मामले के तार बिहार के सीतामढ़ी निवासी अंतरराज्यीय कुख्यात चोर मोहम्मद इरफान उर्फ उजाले से जुड़ते नजर आ रहे हैं।
पुलिस ने गिरोह के नेटवर्क पर कार्रवाई करते हुए मुख्य सरगना के करीबी सहयोगियों को हिरासत में लिया है। इनमें उसकी पत्नी, कथित प्रेमिका समेत अन्य सहयोगी शामिल बताए जा रहे हैं। पुलिस सूत्रों के अनुसार, गिरफ्तार आरोपितों की निशानदेही पर लाखों रुपये नकद और बड़ी मात्रा में सोने-चांदी के जेवरात बरामद किए गए हैं।
शुरुआती जांच में सामने आया है कि ये लोग चोरी के माल को ठिकाने लगाने, नकदी छिपाने और वारदात के बाद मुख्य आरोपित को सुरक्षित ठिकाना उपलब्ध कराने में भूमिका निभा रहे थे। हालांकि गिरोह का सरगना मोहम्मद इरफान उर्फ उजाले और उसके कुछ अन्य साथी अब भी फरार हैं।
उनकी गिरफ्तारी के लिए रांची पुलिस की टीम बिहार, पश्चिम बंगाल, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र समेत कई राज्यों में लगातार छापेमारी कर रही है। पुलिस अभी दिल्ली, यूपी, बंगला और बिहार से कुछ समान पुलिस बरामद किया गया है।
खबरें और भी
सीतामढ़ी से निकलकर बना हाई-प्रोफाइल चोर
पुलिस के अनुसार, मोहम्मद इरफान उर्फ उजाले बिहार के सीतामढ़ी जिले के पुपरी अनुमंडल के गाढ़ा जोगिया गांव का निवासी है। शुरुआती जीवन आर्थिक तंगी में बीता, लेकिन अपराध की दुनिया में कदम रखने के बाद उसने करोड़ों की संपत्ति बना ली।
जांच में यह भी सामने आया है कि वह अपनी पहचान छिपाने के लिए जगुआर, बीएमडब्ल्यू, मर्सिडीज और ऑडी जैसी लग्जरी कारों का इस्तेमाल करता था। कई राज्यों में वारदात को अंजाम देने के लिए वह हवाई यात्रा भी करता था, ताकि किसी को उस पर संदेह न हो।
10 से 15 मिनट में साफ कर देता था पूरा घर
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, इरफान का चोरी करने का तरीका बेहद पेशेवर था। वह हथियार रखने के बजाय केवल पेचकस और वायर कटर जैसे औजारों का इस्तेमाल करता था। वारदात के दौरान घर में प्रवेश करने से पहले जूते-चप्पल उतार देता था, ताकि आवाज न हो। महज 10 से 15 मिनट के भीतर वह ताले तोड़कर नकदी और जेवर समेटकर फरार हो जाता था।
20 से अधिक राज्यों में दर्ज हैं मामले
पुलिस के मुताबिक, इरफान उर्फ उजाले के खिलाफ देश के 20 से अधिक राज्यों में 100 से ज्यादा हाई-प्रोफाइल चोरी के मामले दर्ज हैं। दिल्ली, उत्तर प्रदेश, पंजाब, महाराष्ट्र, कर्नाटक, केरल, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश और बिहार सहित कई राज्यों की पुलिस लंबे समय से उसकी तलाश कर रही है।
जल्द हो सकता है बड़ा खुलासा
रांची पुलिस फिलहाल पूरे अंतरराज्यीय नेटवर्क, वित्तीय लेन-देन और गिरोह की मदद करने वाले अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मुख्य सरगना की गिरफ्तारी के बाद देश के विभिन्न राज्यों में हुई कई हाई-प्रोफाइल चोरी की घटनाओं का भी खुलासा हो सकता है। बरामदगी और गिरफ्तारियों को लेकर पुलिस जल्द ही विस्तृत प्रेस वार्ता कर सकती है।