Ranchi Traffic Alert: ईद मिलादुन्नबी पर आज बदली रहेगी ट्रैफिक व्यवस्था, इन रास्तों पर वाहनों की नो एंट्री
रांची में ईद मिलादुन्नबी जुलूस के कारण 26 अगस्त को यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है। दोपहर 12 बजे ...और पढ़ें

ईद मिलादुन्नबी जुलूस के कारण रांची में यातायात बदलाव।
HighLights
ईद मिलादुन्नबी जुलूस के कारण रांची में यातायात बदलाव।
26 अगस्त को दोपहर 12 बजे से कई मार्ग बंद।
जागरण संवाददाता, रांची। ईद मिलादुन्नबी के अवसर पर बुधवार को निकलने वाले जुलूस को लेकर रांची शहर की यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है। पुलिस अधीक्षक यातायात के कार्यालय की ओर से जारी सूचना के अनुसार 26 अगस्त को दोपहर 12 बजे से जुलूस समाप्त होने तक कई प्रमुख मार्गों पर वाहनों के प्रवेश और परिचालन पर रोक रहेगी।
यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए जरूरत के अनुसार अन्य मार्गों पर भी वाहनों का मार्ग बदला या कुछ समय के लिए रोका जा सकता है।
मुस्लिम समुदाय की ओर से दोपहर 12 बजे से कांटाटोली, राजेंद्र चौक, बिग बाजार चौक, सुजाता चौक, रतन पीपीओ, उल हाउस, उर्दू लाइब्रेरी चौक और फिरायालाल चौक सहित विभिन्न मार्गों से जुलूस निकाले जाने की सूचना है। इसे देखते हुए यातायात पुलिस ने सुरक्षा और सुगम यातायात के लिए विशेष व्यवस्था की है।
सुबह छह बजे से भारी मालवाहक वाहनों का प्रवेश बंद
यातायात पुलिस के अनुसार 26 अगस्त को सुबह छह बजे से रात 12 बजे तक भारी मालवाहक वाहनों का शहर में प्रवेश वर्जित रहेगा। ऐसे वाहन रिंग रोड से होकर अपने गंतव्य तक जा सकेंगे। हालांकि, भारी वाहनों के लिए लागू नो-एंट्री की पूर्व निर्धारित व्यवस्था पहले की तरह प्रभावी रहेगी। इन मार्गों पर छोटे-बड़े मालवाहक वाहन, ऑटो और सवारी वाहन नहीं चलेंगे।
जुलूस को देखते हुए शहर के कई प्रमुख मार्गों पर छोटे-बड़े मालवाहक वाहनों, ऑटो, टोटो और सवारी वाहनों के परिचालन पर रोक रहेगी। सर्जना चौक से राजेंद्र चौक, उल हाउस, उर्दू लाइब्रेरी, रतन पीपीओ, सुजाता चौक और बिग बाजार चौक होते हुए जाने वाले मार्ग, कांटाटोली से पहाड़ीटोला चौक, कुम्हार टोली और नया टोली होते हुए जाने वाले मार्ग, प्लाजा चौक से मिशन चौक, मिशन चौक से करबला चौक तथा करबला चौक से काली मंदिर और उल हाउस की ओर जाने वाले मार्ग पर वाहनों का परिचालन प्रतिबंधित रहेगा।
इन मार्गों पर 26 अगस्त को दोपहर 12 बजे से कार्यक्रम समाप्त होने तक छोटे-बड़े मालवाहक वाहनों, ऑटो, टोटो एवं सवारी वाहनों का प्रवेश और परिचालन वर्जित रहेगा।
चारपहिया वाहनों का उपयोग कम करने की अपील
यातायात पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि ईद-मिलाद-उन-नबी कार्यक्रम के मद्देनजर शहर में विशेष परिस्थिति को छोड़कर चारपहिया वाहनों का उपयोग कम से कम करें। इससे जुलूस के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने में मदद मिलेगी।
पुलिस ने कहा है कि आवश्यकता पड़ने पर अन्य मार्गों पर भी कम समय के लिए वाहनों का मार्ग बदला जा सकता है अथवा वाहनों का परिचालन रोका जा सकता है। जुलूस के दौरान सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर पुलिस बल की तैनाती रहेगी।
