हर महीने 1 करोड़ का जुर्माना भर रहे रांची के लोग, फिर भी बकाया ₹180 करोड़; स्कूटी पर निकला ₹1.10 लाख का चालान
रांची ट्रैफिक पुलिस ने 180 करोड़ रुपये के बकाया चालान की वसूली के लिए सख्त अभियान शुरू किया है। इसके तहत भारी ई-चालान वाले वाहनों को जब्त किया जा रहा ...और पढ़ें

रांची में 180 करोड़ के ट्रैफिक चालान बकाया, पुलिस का सख्त अभियान जारी।
HighLights
180 करोड़ रुपये का ट्रैफिक चालान बकाया है।
रांची पुलिस ने बकाया चालान पर वाहन जब्त किए।
बिना चालान भुगतान वाहन दस्तावेज अपडेट नहीं होंगे।
जागरण संवाददाता, रांची। शहर में ट्रैफिक नियमों की अनदेखी अब लोगों पर भारी पड़ रही है। वाहन चालकों पर ट्रैफिक चालान के रूप में करीब 180 करोड़ रुपये बकाया हो चुका है। लगातार बढ़ते चालान को देखते हुए रांची ट्रैफिक पुलिस ने अब सख्त अभियान शुरू किया है।
अभियान के तहत ऐसे वाहनों को चिन्हित कर जब्त किया जा रहा है जिन पर भारी मात्रा में ई-चालान लंबित है और वाहन मालिक लंबे समय से राशि जमा नहीं कर रहे हैं। हाल के दिनों में डेली मार्केट थाना क्षेत्र में चलाए गए विशेष अभियान के दौरान पुलिस ने कई वाहनों को जब्त किया।
जांच के दौरान एक स्कूटी पर एक लाख दस हजार रुपये का चालान बकाया मिला। वहीं एक बाइक पर 94 हजार रुपये का जुर्माना लंबित पाया गया। इन मामलों ने ट्रैफिक पुलिस को भी चौंका दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि बड़ी संख्या में लोग बार-बार नियम तोड़ रहे हैं लेकिन चालान जमा नहीं कर रहे हैं।
हर माह एक करोड़ रुपये जुर्माना के रूप में भर रहें है लोग
ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह ने बताया कि रांची शहर में हर महीने ट्रैफिक चालान के रूप में एक करोड़ रुपये से अधिक की राशि जमा हो रही है, जबकि पुलिस हर महीने लगभग छह से सात करोड़ रुपये का नया चालान जेनरेट कर रही है।
खबरें और भी
उन्होंने कहा कि लोग चालान की राशि समय पर जमा नहीं कर रहे हैं, जिसके कारण बकाया लगातार बढ़ता जा रहा है। इसी स्थिति को देखते हुए विशेष अभियान चलाकर वाहनों को जब्त किया जा रहा है। पुलिस की कार्रवाई केवल दोपहिया और चारपहिया वाहनों तक सीमित नहीं है।
ट्रैफिक पुलिस ऐसे बसों और ट्रैक्टरों पर भी नजर रख रही है जिनमें क्षमता से अधिक लोगों को बैठाया जाता है या ओवरलोड सामान ढोया जाता है। अधिकारियों का कहना है कि ऐसे वाहन सड़क दुर्घटनाओं का बड़ा कारण बनते हैं और इनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
ट्रैफिक पुलिस का कहना है कि केवल दंडात्मक कार्रवाई से समस्या का समाधान संभव नहीं है। इसी उद्देश्य से जागरूकता अभियान भी चलाया जा रहा है।
छात्रों का ट्रैफिक पुलिस कर रही है जागरूक
ट्रैफिक एसपी ने बताया कि अब तक एनसीसी के करीब 500 बच्चों को ट्रैफिक नियमों की जानकारी देकर जागरूक किया गया है। उन्हें सड़क सुरक्षा, हेलमेट और सीट बेल्ट की अनिवार्यता, गलत दिशा में वाहन चलाने के खतरे और ट्रैफिक संकेतों के पालन के बारे में जानकारी दी गई।
इसके अलावा पुलिस स्कूलों और कालेजों में भी विशेष जागरूकता अभियान चलाने की तैयारी कर रही है। ट्रैफिक अधिकारियों का मानना है कि युवाओं को शुरुआत से ही यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया जाए तो भविष्य में सड़क दुर्घटनाओं और नियम उल्लंघन की घटनाओं में कमी लाई जा सकती है।
अब बिना चालान जमा किए नहीं हो पाएगा दस्तावेज अपडेट
ट्रैफिक विभाग ने वाहन मालिकों के लिए एक और महत्वपूर्ण निर्देश जारी किया है। अधिकारियों के अनुसार जिन वाहनों पर चालान बकाया होगा, वे अपने वाहन की खरीद-बिक्री नहीं कर सकेंगे। वाहन बेचने से पहले सभी लंबित चालान का भुगतान करना अनिवार्य होगा।
तभी वाहन के दस्तावेज अपडेट होंगे। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे समय पर चालान जमा करें और ट्रैफिक नियमों का पालन करें ताकि कार्रवाई से बचा जा सके।
जिन वाहनों को जब्त किया जा रहा है, उनके लंबित चालान भरवाए जा रहे हैं। जो लोग चालान नहीं भर रहे हैं, उनके वाहनों को जब्त किया जा रहा है। पूरे शहर में यह अभियान चलाया जा रहा है और आने वाले दिनों में भी यह अभियान जारी रहेगा।
-राकेश सिंह, ट्रैफिक एसपी, रांची
यह भी पढ़ें- झारखंड पुलिस में अब तक की सबसे बड़ी सर्जरी: इंतजार खत्म, फील्ड में उतरेगा नया खून; अक्टूबर 2024 से थे प्रतीक्षारत
यह भी पढ़ें- किताबें, बच्चों के लिए गेम और सस्ता खाना; रांची एयरपोर्ट का ये नया रूप देख आप भी कहेंगे- वाह!