वर्षों से प्रभारी के भरोसे चल रहा रांची में रिनपास, अब स्थायी निदेशक की होगी नियुक्ति; सरकार ने निकाली वैकेंसी
रिनपास, रांची को जल्द ही नया स्थायी निदेशक मिलेगा, जिसके लिए स्वास्थ्य विभाग ने 8 सितंबर तक ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए हैं। यह नियुक्ति संस्थान को मानस ...और पढ़ें

रिनपास को जल्द मिलेगा स्थायी निदेशक।
HighLights
रिनपास को जल्द मिलेगा स्थायी निदेशक, आवेदन आमंत्रित।
ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 8 सितंबर निर्धारित।
जागरण संवाददाता, रांची। राजधानी रांची के प्रमुख मानसिक स्वास्थ्य संस्थान रांची इंस्टीट्यूट ऑफ न्यूरो-साइकियाट्री एंड एलाइड साइंसेज (रिनपास), कांके को जल्द नया निदेशक मिलने की उम्मीद है।
स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग ने निदेशक पद पर सीधी भर्ती के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। इच्छुक अभ्यर्थियों से 8 सितंबर तक ऑनलाइन आवेदन मांगा गया है।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, रिनपास को मानसिक स्वास्थ्य सेवाओं, चिकित्सा शिक्षा और शोध के क्षेत्र में और सशक्त बनाने के उद्देश्य से यह नियुक्ति की जा रही है। निदेशक संस्थान के मुख्य कार्यकारी अधिकारी होंगे और संस्थान के प्रशासन, विकास योजनाओं तथा संचालन की जिम्मेदारी संभालेंगे। मालूम हो कि अभी काफी वर्षों से प्रभारी निदेशक के रूप में काम चल रहा है।
विज्ञापन के अनुसार, अभ्यर्थी के पास किसी मेडिकल कॉलेज के मनोचिकित्सा विभाग या मनोचिकित्सा संस्थान में प्रोफेसर के रूप में कम से कम 15 वर्ष का अनुभव होना चाहिए।
इसके अलावा विभागाध्यक्ष, डीन, मेडिकल सुपरिंटेंडेंट या यूनिट प्रमुख के रूप में न्यूनतम दो वर्ष का प्रशासनिक अनुभव भी अनिवार्य है। कार्यरत अभ्यर्थियों के लिए अधिकतम आयु 65 वर्ष तथा सेवानिवृत्त अभ्यर्थियों के लिए 70 वर्ष निर्धारित की गई है।
चयनित निदेशक को लेवल-14 के तहत न्यूनतम 1.44 लाख रुपये प्रतिमाह वेतन के साथ राज्य सरकार के नियमानुसार अन्य सुविधाएं भी मिलेंगी।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि आवेदन केवल ऑनलाइन माध्यम से ही स्वीकार किए जाएंगे। निर्धारित तिथि के बाद प्राप्त आवेदन पर विचार नहीं किया जाएगा। उल्लेखनीय है कि वर्ष 2023 में रिनपास निदेशक की नियुक्ति की प्रक्रिया रद्द कर दी गई थी। ऐसे में नई भर्ती प्रक्रिया शुरू होने से संस्थान को स्थायी नेतृत्व मिलने की उम्मीद बढ़ गई है।