Updated: Thu, 12 Sep 2024 08:26 AM (IST)
रांची साइबर अपराध थाने की पुलिस ने 26 लाख रुपये की साइबर ठगी के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने शिकायतकर्ता का मोबाइल जियो से एयरटेल ...और पढ़ें
राज्य ब्यूरो, रांची। साइबर अपराध थाने की पुलिस ने 26 लाख 13 हजार रुपये की साइबर ठगी के मामले के एक आरोपित प्रदीप कुमार महतो को गिरफ्तार कर लिया है। वह रामगढ़ जिले के मांडू थाना क्षेत्र के हेसगार्हा पुंडी का रहने वाला है।
वह छिपकर हजारीबाग के कोर्रा थाना क्षेत्र के कोलंबस कॉलेज के पीछे आनंदपुरी में रहता था और ठेकेदारी करता था। उसने शिकायतकर्ता का मोबाइल जियो से एयरटेल में पोर्ट कराने के लिए लिया था और इंटरनेट बैंकिंग के माध्यम से ओटीपी प्राप्त कर राशि का हस्तांतरण कर लिया था। वह पैसा उसने जुआ में लगा दिया था।
पुलिस ने उसके पास से दो मोबाइल, एक सिमकार्ड, पांच एटीएम, तीन पासबुक, दो पैन कार्ड व एक आधार कार्ड बरामद किया है। शिकायतकर्ता रामगढ़ के व्यवसायी सोहराई महतो हैं। उन्होंने 10 जून 2024 को साइबर अपराध थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी।
अपने मजदूर के नाम पर मोबाइल पंजीकृत करवाकर किया हस्तांतरण
आरोपित व्यवसायी का परिचित है। उक्त नंबर को एयरटेल में पोर्ट कराकर आरोपित ने अपने एक मजदूर के नाम पर करवा दिया। इसके बाद नंबर का इस्तेमाल कर व्यवसायी के खाते से इंटरनेट बैंकिंग के माध्यम से सभी रुपये हस्तांतरित कर लिए।
इसके लिए उसी के पास ओटीपी आता गया और रुपये हस्तांतरित होते चले गए। व्यवसायी को पता तब चला, जब उन्होंने खाते से रुपये निकालने के दौरान राशि शून्य पाया।
रहें सावधान, किसी को भी न दें अपना मोबाइल
साइबर अपराध थाने की पुलिस ने अपील की है कि अपना मोबाइल किसी परिचित या अनजान व्यक्ति को न दें। बैंक में पंजीकृत मोबाइल में आए हुए ओटीपी किसी से शेयर न करें।
अगर किसी जालसाजी के शिकार हो गए हैं तो इसकी शिकायत तुरंत साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 या वेबसाइट साइबरक्राइम डाट जीओवी डॉट इन पर दर्ज करें। लिखित शिकायत अपने नजदीकी थाना या साइबर सेल, साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन में करें।