यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 08, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Weather Jharkhand: रुक-रुक कर हुई बारिश ने यातायात को किया ठप; चांडिल डैम का बढ़ा जलस्तर, खोले गए चार गेट
बीते दिन झारखंड की राजधानी रांची में जमकर वर्षा हुई। वहीं आज भी यहां भारी बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने अपने पूर्वानुमानों में बताया है क ...और पढ़ें

HighLights
- अगले पांच दिनों तक रांची व आसपास इलाके में मध्यम दर्जे की वर्षा
- मौसम वैज्ञानिक ने कहा, मॉनसून की कमी पूरा करेगी वर्षा
जागरण संवाददाता, रांची/जमशेदपुर : जमशेदपुर में गुरुवार को सुबह से शाम तक रूक-रूक कर मूसलाधार वर्षा हुई, जिससे जनजीवन अस्त-व्यस्त रहा। कभी किसी क्षेत्र में कभी कहीं, पांच मिनट से लेकर आधे घंटे तक तेज वर्षा हो रही थी। जैसे ही वर्षा कम या बंद होती, सड़क पर वाहनों का जाम लग जा रहा था।
एक ओर तेज वर्षा से मौसम में ठंडक आई, तो दूसरी ओर जलजमाव से परेशानी खड़ी कर दी। मौसम विभाग ने गुरुवार सुबह आठ बजे से रात्रि आठ बजे तक 51.4 मिमी दर्ज की।
तेज वर्षा होने के कारण जुगसलाई अंडर ब्रिज के पास घुटने से ऊपर पानी पहुंच गया था। इस दौरान वहां कई मोटर साइकिल व कार फंस गई।
1690177426255.jpg)
देखते ही देखते अंडरब्रिज के पास जलजमाव बढ़ने लगा। इसके कारण स्टेशन रोड पर पुलिया के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गई। इसी तरह का हाल साकची हावड़ा ब्रिज के पास, मानगो के बड़े व छोटे पुल के अलावा मानगो पुल से पुराना कोर्ट जाने वाले मोड़ पर भी जाम देखने को मिला, जहां घुटने तक पानी जमा हो गयी।
लगातार वर्षा होने से मानगो पुल के कोर्ट मोड़ की ओर जाने वाले सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं, जो राहगीरों की मुसीबत बन गए हैं। जानकारी हो कि मानगो, जुगसलाई क्षेत्र में ड्रेनेज सिस्टम सही नहीं रहने के कारण ही सड़कों पर पानी का जमाव हो जाता है।
जलस्तर बढ़ने से बढ़ा खतरा
कोल्हान में बीते तीन दिनों से हो रही लगातार वर्षा के कारण चांडिल डैम का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। चांडिल डैम को जलस्तर बढ़कर गुरूवार शाम को 181.75 मीटर तक पहुंच गया।
पानी बढ़ने के साथ ही डैम का चार रेडियल गेट खोल दिया गया। जानकारी हो कि बुधवार को चांडिल डैम का जलस्तर 181.35 मीटर था। जिसके कारण बुधवार को डैम का तीन रेडियल गेट को एक मीटर खोले गए थे। इस वर्ष दूसरी बार चांडिल डैम का जलस्तर 181.75 मीटर पर पहुंचा है।
खबरें और भी
डैम का जलस्तर बढ़ने से आसपास के कई गांव तक डैम का पानी पहुंचने लगी है। बता दें कि विस्थापित अधिकार मंच ने आंदोलन कर चांडिल डैम का जलस्तर 177 मीटर रखने की लगातार मांग कर रही है।
डैम का जलस्तर बढ़ने से विस्थापित गांव में रहने वाले लोगों को चिंता सताने लगी है। लगातार वर्षा व चांडिल डैम खोलने से स्वर्णरेखा व खरकई नदी का जलस्तर बढ़ा है, जो फिलहाल खतरे के निशान से नीचे है।