विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

झारखंड में 26 साल से बिक रहीं नौकरियां, तय है हर पद का रेट: देवेंद्रनाथ महतो का सरकार पर बड़ा हमला

Published: Sun, 30 Aug 2026 06:39 PM (IST)

Jharkhand Student Protest: झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा के नेता देवेंद्रनाथ महतो ने साहिबगंज में 'भर्ती व्यवस्था सुधार यात्रा' के तहत ...और पढ़ें

Bharti Vyavastha Sudhar Yatra पर साहिबगंज पहुंचे छात्र नेता देवेंद्र महतो ने हेमंत सरकार पर साधा निशाना। (फोटो जागरण)

Bharti Vyavastha Sudhar Yatra पर साहिबगंज पहुंचे छात्र नेता देवेंद्र महतो ने हेमंत सरकार पर साधा निशाना। (फोटो जागरण)

HighLights

  1. देवेंद्रनाथ महतो ने साहिबगंज में भर्ती सुधार यात्रा की।

  2. झारखंड में नौकरियों की बिक्री और रेट तय होने का आरोप।

  3. पारदर्शिता, पेपर लीक पर रोक, भ्रष्टाचार मुक्त परीक्षा की मांग।

जागरण टीम, साहिबगंज। झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (जेएलकेएम) के नेता व छात्र नेता देवेंद्रनाथ महतो रविवार को भर्ती व्यवस्था सुधार यात्रा (Bharti Vyavastha Sudhar Yatra) के तहत साहिबगंज कालेज पहुंचे। यहां के छात्र-छात्राओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों से संवाद कर प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ जागरूक किया।

देवेंद्रनाथ महतो ने कहा कि साहिबगंज की वीर भूमि पर आना उनके लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने आरोप लगाया कि झारखंड गठन के 26 वर्षों में सरकार किसी भी दल की रही हो, राज्य में आयोजित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं को लेकर लगातार सवाल उठते रहे हैं। राज्य में नाैकरियां बेची जाती हैं और हर नाैकरी का रेट तय है। 

उन्होंने कहा कि जेपीएससी और जेएसएससी की परीक्षाओं में पारदर्शिता का अभाव रहा है और भ्रष्टाचार के आरोप लगते रहे हैं।उन्होंने आरोप लगाया कि परीक्षा व्यवस्था में बिचौलियों की भूमिका के कारण योग्य छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ हो रहा है। उनका कहना था कि युवाओं को नौकरी पाने के लिए पढ़ाई के बजाय ऐसे लोगों के संपर्क में आना पड़ा।

बताया कि भर्ती व्यवस्था सुधार यात्रा की शुरुआत 24 अगस्त को रामगढ़ जिले के नेमरा गांव से हुई है। यात्रा का उद्देश्य जेपीएससी और जेएसएससी जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की व्यवस्था में पारदर्शिता लाना, पेपर लीक पर रोक लगाना, भ्रष्टाचार समाप्त करना और छात्रों को न्याय दिलाना है।

उन्होंने कहा कि 24 जिला, 24 संकल्प, एक आवाज के नारे के साथ यह यात्रा राज्य के सभी 24 जिलों से होकर गुजरेगी। इसका समापन रांची में बड़ी जनसभा के साथ किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह आंदोलन उन हजारों युवाओं और छात्रों की आवाज बनने का प्रयास है, जो भर्ती प्रक्रिया में कथित गड़बड़ियों से प्रभावित हैं। मौके पर जेएलकेएम के कई कार्यकर्ता एवं छात्र-छात्राएं मौजूद थे।

बोरियो में देवेंन्द्रनाथ महतो का स्वागत

भर्ती व्यवस्था सुधार यात्रा रविवार को बोरियो पहुंची। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) की ओर से देवेन्द्र नाथ महतो का स्वागत किया गया। इस दौरान महतो ने कहा कि भर्ती व्यवस्था में पारदर्शिता जरूरी है और युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ नहीं होना चाहिए।

झारखंड के युवाओं को रोजगार का अधिकार सुनिश्चित किया जाए। जिन परीक्षाओं में गड़बड़ी हुई है, उन्हें रद्द कर निष्पक्ष तरीके से दोबारा परीक्षा आयोजित कराई जाए तथा दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। यात्रा का मुख्य उद्देश्य झारखंड की भर्ती व्यवस्था में पारदर्शिता लाना और युवाओं के भविष्य को सुरक्षित करना है।

यह भी पढ़ें- नियुक्ति प्रक्रिया को उद्योग बनाना बंद करें, नहीं तो पूरे झारखंड में होगा चक्का जाम; भर्ती सुधार यात्रा पहुंची पाकुड़

भर्ती में धांधली और नौकरी की खरीद-बिक्री में शामिल सभी लोगों तक जांच एजेंसियां पहुंचे और उनके खिलाफ कार्रवाई हो। उन्होंने झारखंड में झारखंडियों को रोजगार का अधिकार सुनिश्चित करने की भी मांग की। यात्रा में संजय दादा, चंदन रक्षित, अभिषेक रक्षित, प्रीतम कुमार, निर्मल राज, देवाशीष रेड्डी, प्रमोद कुमार, सूरज के पाल समेत अन्य लोग पहुंचे।