देवघर विधायक और चास एसडीओ के अंगरक्षकों को साहिबगंज पुलिस ने भेजा जेल, पड़ोसी की गोली मारकर की थी हत्या
Sahibganj Murder: पुलिस ने दीपावली की रात कैटरिंग संचालक मुन्ना साह की गोली मारकर हत्या करने के आरोप में बोकारो ...और पढ़ें

गिरफ्तार दोनों अंगरक्षकों के साथ घटना की जानकारी देती साहिबगंज पुलिस। (फोटो जागरण)
HighLights
दीपावली की रात कैटरिंग संचालक मुन्ना साह की हत्या।
बोकारो एसडीओ और देवघर विधायक के अंगरक्षक गिरफ्तार।
आपसी रंजिश में गोली मारकर की गई वारदात।
जागरण संवाददाता, साहिबगंज। झारखंड के बोकारो जिले के चास अनुमंडल के एसडीओ प्रांजल ढाढा के अंगरक्षक पवन कुमार और देवघर के विधायक सुरेश पासवान के अंगरक्षक रूपक कुमार पासवान को साहिबगंज पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। दोनों पर दीपावली की रात साहिबगंज के पूर्वी फाटक इलाके में कैटरिंग संचालक मुन्ना साह (45) की गोली मारकर हत्या करने का आरोप है।
दीपावली की रात मुन्ना पूजा-पाठ के बाद घर से बाहर निकला था। तभी आरोपितों ने उनके सिर में सामने से एक गोली मार दी। गोली की आवाज सुनकर परिजन और आसपास के लोग उन्हें जिला सदर अस्पताल ले गए। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सक ने उन्हें हायर सेंटर रेफर किया, लेकिन रास्ते में उनकी मौत हो गई। बाद में भागलपुर के मायागंज में शव का पोस्टमार्टम कराया गया।
मौत की खबर मिलने पर परिवार में शोक छा गया। मुन्ना की पत्नी, मां, पिता, भाई और अन्य परिजन का रो-रोकर बुरा हाल है। उनकी पत्नी ने आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। मुन्ना कैटरिंग और हलवाई का काम कर परिवार का भरण-पोषण करता था। उनके चार बेटे हैं। इनमें से एक कोलकाता में पढ़ता है, जबकि तीन साहिबगंज में रहते हैं।
एसडीपीओ सुशील कुमार ने प्रेस कांफ्रेंस में बताया कि आपसी रंजिश में मुन्ना को गोली मारकर घायल किया गया था। उनके बेटे अंशु कुमार शाह के आवेदन पर मामला दर्ज कर छापेमारी की गई और दोनों आरोपितों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने उनके पास से एक पिस्तौल, 34 जिंदा कारतूस, एक खोखा और एक मोबाइल बरामद किया है।
पूछताछ के बाद हत्या के आरोपित दोनों पुलिस जवानों को जेल भेज दिया गया है। सीनियर पदाधिकारी के आदेश के बाद विभागीय व उक्त जिला के पुलिस कप्तान को आगे की कार्रवाई को लेकर लिखा जाएगा
सूत्रों के अनुसार, मुन्ना और पवन पड़ोसी थे। करीब एक महीने पहले किसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई थी। बताया गया कि रविवार देर रात पवन और रूपक बाइक से पोखरिया काली स्थान रोड से जा रहे थे। वहां मुन्ना बैठे थे।
पवन बाइक से उतरकर उनसे विवाद करने लगा और पिस्तौल से गोली चला दी। रूपक ने बीच-बचाव की कोशिश की; गोली उसके हाथ को छूते हुए मुन्ना के सिर में लगी। झारखंड पुलिस जवान पवन बोकारो जिला के चास एसडीओ प्रांजल ढाढा और रूपक देवघर के विधायक सुरेश पासवान के अंगरक्षक के तौर पर तैनात थे।
दोनों दीपावली पर साहिबगंज स्थित अपने घर आए थे। सूत्रों का दावा है कि पवन बिना छुट्टी लिए सरकारी सेवा की पिस्तौल लेकर आया था और उसी से गोली चलाई।
यह भी पढ़ें- छठ पर साहिबगंज से भागलपुर के बीच चलेगी विशेष ट्रेन, यात्रियों को मिलेगी राहत
यह भी पढ़ें- साहिबगंज में टेंट हाउस संचालक की गोली मारकर हत्या, झारखंड पुलिस के दो जवान गिरफ्तार
रूपक कुमार पासवान देवघर विधायक का अंगरक्षक है। साहिबगंज एसपी की रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
प्रवीण पुष्कर, एसपी, देवघर।
सर्विस पिस्टल लेकर सिपाही पवन को छुट्टी के दौरान घर नहीं जाना चाहिए था। अवकाश लेकर जाने के पहले पिस्टल को जमा कर देने का नियम है। सिपाही ने कानून का उल्लंघन किया है। जल्द रिपोर्ट तलब की गई है। इस मामले में कठोर कार्रवाई होगी।
नाथू सिंह मीना, एसपी, बोकारो।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।