साहिबगंज में 2 महीने से अटका शिक्षकों का वेतन, आबंटन के बाद भी नहीं हो रहा भुगतान
साहिबगंज में आवंटन होने के बावजूद शिक्षकों को दो महीने से वेतन नहीं मिला है, जिससे उन्हें गंभीर आर्थिक संकट का सामना करना पड़ रहा है। ...और पढ़ें

खबर की प्रस्तुति के लिए सांकेतिक तस्वीर

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
संवाद सहयोगी, साहिबगंज (साहिबगंज)। राज्य के कुछ कोषागार से गलत तरीके से वेतन निकासी की बात सामने आने के बाद सरकारी कर्मियों को वेतन का भुगतान नहीं हो रहा है। शिक्षकों के वेतन के लिए आवंटन आ चुका है लेकिन दो महीने से वेतन नहीं मिला है। इससे उनके समक्ष आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।
शिक्षकों ने बताया कि फरवरी का अधिकतर वेतन इनकम टैक्स में चला गया। इसके बाद मार्च व अप्रैल का वेतन भुगतान अब तक नहीं हुआ है। इससे उनलोगों के समक्ष आर्थिक संकट उत्पन्न हो गया है। शिक्षकों का कहना है कि आवंटन के बावजूद वेतन भुगतान न होना समझ से परे है।
शिक्षकों का कहना है कि घर खर्च, बच्चों की पढ़ाई, दवा-इलाज और कर्ज की किस्त चुकाने में भारी परेशानी हो रही है। उधर, नवनियुक्त सहायक आचार्य की बहाली छह माह पूर्व हुई थी। उन्हें भी अब वेतन का भुगतान नहीं किया गया।
सहायक अध्यापक ने बताया कि एक तो सरकार कम मानदेय देती उसके बाद भी समय पर भुगतान नहीं करने पर भोजन की व्यवस्था एवं दवा की व्यवस्था करना भी मुश्किल हो रहा है। ऐसे में विद्यालय में शिक्षक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा कैसे दे पाएंगे?
खबरें और भी
उधर, वित्त विभाग ने आदेश जारी कर वित्त संबंधित कार्य में तीन साल से अधिक लगे कर्मियों को हटाने को कहा है लेकिन पतना प्रखंड में इस आदेश की अवहेलना कर दोबारा उसी व्यक्ति को कोषागार दूत बनाकर कार्य लिया जा रहा है।
अखिल झारखंड प्राथमिक शिक्षक संघ के महासचिव मनोरंजन कुमार ने बताया कि जिले के सभी प्रखंड में आवंटन प्राप्त है। तालझारी का बिल भी बनाया गया लेकिन बीईईओ सह डीडीओ की लापरवाही से शिक्षकों को यह आर्थिक संकट झेलना पड़ रहा है। अगर पांच दिन के अंदर शिक्षकों का वेतन का भुगतान नहीं होता है तो उपायुक्त से मिलकर वेतन से संबंधित मामला को लेकर गुहार लगाएंगे।
कोषागार से सभी शिक्षकों की सेवा पुस्तिका की जांच कर रिपोर्ट मांगी गयी है। इसी आलोक में जांच पड़ताल की जा रही है। इस वजह से वेतन भुगतान में विलंब हो रहा है। एक-दो प्रखंड की जांच पूरी हो चुकी है। अन्य की भी जांच कर जल्द ही वेतन भुगतान कर दिया जाएगा।
कुमार हर्ष, जिला शिक्षा अधीक्षक, साहिबगंज।