242 करोड़ से बदलेगी साहिबगंज की तस्वीर, मिर्जाचौकी और भोगनाडीह की राह होगी आसान
साहिबगंज में पश्चिम फाटक से मिर्जाचौकी तक 154 करोड़ की लागत से 20 किमी सड़क बनेगी, जिसे तकनीकी स्वीकृति मिल गई है। ...और पढ़ें

242 करोड़ से बदलेगी साहिबगंज की तस्वीर, मिर्जाचौकी और भोगनाडीह की राह होगी आसान (AI Generated Image)
HighLights
साहिबगंज-मिर्जाचौकी सड़क 154 करोड़ की लागत से बनेगी।
गोपलाडीह-भोगनाडीह ग्रीनफील्ड सड़क पर 88 करोड़ खर्च होंगे।
दोनों परियोजनाओं से क्षेत्र में आवागमन सुगम होगा।
जागरण संवाददाता, साहिबगंज। पथ निर्माण विभाग 154 करोड़ रुपये की लागत से जिला मुख्यालय के पश्चिम फाटक से मिर्जाचौकी तक सड़क का निर्माण कराएगा। यह बेतौना, श्रीराम चौकी, करमटोला, बड़तल्ला होते हुए मिर्जाचौकी तक जाएगी।
मिर्जाचौकी रेलवे स्टेशन के पास यह मिर्जाचौकी-बोआरीजोर मुख्य सड़क में जुड़ जाएगी। यहां से लोग भागलपुर की ओर भी जा सकेंगे। इसकी सड़क की लंबाई करीब 20 किलोमीटर व चौड़ाई 5.5 मीटर होगी।
इससे एक लिंक रोड रक्सी स्थान, पटवर टोला, करमटोला होते हुए बड़ी कोदरजन्ना में एनएच 80 से भी जुड़ेगा। इसके बनने से जिला मुख्यालय से मिर्जाचौकी, कोदरजन्ना, डिहारी आदि गांवों के बीच आवागमन सुगम होगा। शहर को एक बाईपास भी मिल जाएगा।
भविष्य में फोरलेन सड़क से इसके जुड़ जाने से राजमहल से मिर्जाचौकी की ओर जाने वाले लोगों को कम दूरी तय करनी होगी। झामुमो के केंद्रीय सचिव सह प्रवक्ता पंकज मिश्रा ने इसके लिए पहल की थी। इसके बाद इसकी टेक्निकल स्वीकृति मिल गई है।
अब यह मामला कैबिनेट में जाएगा, जहां से स्वीकृति मिलने के बाद टेंडर होगा। पहले से यहां ग्रामीण कार्य विभाग की सड़क मौजूद है जिसकी चौड़ीकरण व मजबूतीकरण की जाएगी। इसके लिए भूमि का अधिग्रहण भी किया जाएगा।
सिदो-कान्हू के गांव भी जाना होगा आसान:
पाकुड़ जिले की सीमा पर स्थित गोपलाडीह से सिदो कान्हू के गांव भोगनाडीह तक ग्रीनफील्ड सड़क का निर्माण भी कराया जाएगा। इस सड़क का निर्माण होने के बाद दुमका की ओर से आने वाले लोगों के लिए भोगनाडीह की दूरी कुछ कम हो जाएगी। भोगनाडीह से पाकुड़ व दुमका जाना आसान होगा।
3.75 किलोमीटर लंबी इस सड़क पर करीब 88 करोड़ रुपये खर्च होंगे। इसके लिए जल्द ही भूमि अधिग्रहण का काम शुरू होगा। यह सड़क 10 मीटर चौड़ी होगी। इस सड़क के लिए भूमि अधिग्रहण पर करीब 57 करोड़ रुपये खर्च होंगे। सिविल वर्क पर 31 करोड़ रुपये खर्च होंगे। इसका टेंडर भी हो चुका है।
खबरें और भी
शहर के पश्चिमी फाटक से मिर्जाचौकी तक सड़क निर्माण का प्रस्ताव है। एक लिंक रोड रक्सी स्थान से बड़ी कोदरजन्ना में मुख्य मार्ग से जुड़ेगा। इसे तकनीकी स्वीकृति मिल चुकी है। कैबिनेट की स्वीकृति मिलने के बाद इसका टेंडर होगा। उधर, गोपलाडीह से भोगनाडीह तक 10 मीटर चौड़ी सड़क का निर्माण कराया जाएगा। इसके लिए भूमि का अधिग्रहण किया जाएगा। इसका टेंडर भी हो चुका है। - अजय कुमार, कार्यपालक अभियंता, पथ निर्माण विभाग