निर्वाचन आयोग का बड़ा लक्ष्य हासिल: ईचागढ़, सरायकेला और खरसावां में डिजिटाइजेशन का काम पूरा
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार सरायकेला-खरसावां जिले के तीनों विधानसभा क्षेत्रों में मतदाता अभिलेखों का शत-प्रतिशत डिजिटाइजेशन पूरा हो गया है। ...और पढ़ें

सरायकेला-खरसावां जिले के तीनों विधानसभा क्षेत्रों में मतदाता अभिलेखों के डिजिटाइजेशन का कार्य शत-प्रतिशत पूर्ण।
HighLights
8,92,189 मतदाताओं का डिजिटलीकरण सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
उपायुक्त ने टीम और नागरिकों के प्रयासों की सराहना की।
जागरण संवाददाता, सरायकेला। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार संचालित विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत सरायकेला-खरसावां जिले के तीनों विधानसभा क्षेत्रों में मतदाता अभिलेखों के डिजिटाइजेशन का कार्य शत-प्रतिशत पूर्ण कर लिया गया है।
जिले के 8,92,189 मतदाताओं का डिजिटाइजेशन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ है और अब जिले में लंबित डिजिटाइजेशन मामलों की संख्या शून्य हो गई है।
तीनों विधानसभा क्षेत्रों का ब्योरा
- 50-ईचागढ़ विधानसभा: कुल 2,88,888 मतदाताओं का डिजिटाइजेशन पूरा किया गया। इसमें 2,55,770 निर्वाचक प्रपत्र और 33,118 एएसडीडी (ASDD) प्रकरण शामिल हैं।
- 51-सरायकेला विधानसभा: कुल 3,74,735 मतदाताओं का डिजिटाइजेशन कार्य संपन्न हुआ। इनमें 3,00,953 निर्वाचक प्रपत्र तथा 73,782 एएसडीडी मामले शामिल हैं।
- 57-खरसावां विधानसभा: कुल 2,28,566 मतदाताओं का डिजिटाइजेशन पूर्ण किया गया, जिसमें 2,08,643 निर्वाचक प्रपत्र और 19,923 एएसडीडी प्रकरण दर्ज किए गए।
उपायुक्त ने टीम और नागरिकों की सराहना की
इस उपलब्धि पर जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने कहा कि जिले में डिजिटाइजेशन का शत-प्रतिशत कार्य पूर्ण होना पूरे सरायकेला-खरसावां के लिए गर्व का विषय है।
उन्होंने बताया कि यह सफलता जिला प्रशासन, सहायक निर्वाचक निबंधन अधिकारियों, बीएलओ (BLO), पर्यवेक्षकों, स्वयंसेवकों और विभिन्न विभागों के समर्पित प्रयासों का परिणाम है।
भविष्य की प्रक्रियाओं में सहयोग की अपील
उन्होंने जनप्रतिनिधियों, आम नागरिकों और मीडिया के सक्रिय सहयोग के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया। जिला निर्वाचन पदाधिकारी नितिश कुमार सिंह ने कहा कि जागरूक नागरिकों द्वारा सही जानकारी और सहयोग देने से ही यह कार्य संभव हो सका।
उन्होंने जिलेवासियों से अपील की कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान की आगामी प्रक्रियाओं में भी इसी तरह सक्रिय सहभागिता बनाए रखें, ताकि मतदाता सूची को पूरी तरह से त्रुटिरहित बनाया जा सके।