PMMVY योजना: सरायकेला-खरसावां ने रचा इतिहास, 171% उपलब्धि के साथ झारखंड राज्य में हासिल किया दूसरा स्थान
सरायकेला-खरसावां जिले में प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना का विशेष पंजीकरण अभियान बेहद सफल रहा, जिसमें लक्ष्य का 171% हासिल किया गया। झारखंड राज्य ने दे ...और पढ़ें

प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना की प्रतीकात्मक तस्वीर।
HighLights
झारखंड राज्य ने PMMVY पंजीकरण में देश में पहला स्थान प्राप्त किया।
सरायकेला-खरसावां जिला राज्य स्तर पर दूसरे स्थान पर रहा।
जागरण संवाददाता, सरायकेला। महिला, बाल विकास एवं सामाजिक सुरक्षा विभाग के निर्देशानुसार सरायकेला-खरसावां जिले में संचालित प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना (PMMVY) का विशेष पंजीकरण अभियान बेहद सफल रहा है।
उपायुक्त नितिश कुमार सिंह और उप विकास आयुक्त के कुशल मार्गदर्शन में 15 जून से 15 जुलाई 2026 तक चले इस अभियान के बदौलत जहां झारखंड राज्य ने पूरे देश में पहला स्थान प्राप्त किया है, वहीं सरायकेला-खरसावां जिला राज्य स्तर पर दूसरे स्थान पर रहा।
लक्ष्य से 171 प्रतिशत अधिक हासिल की उपलब्धि
विशेष अभियान के तहत सरायकेला-खरसावां जिले को राज्य स्तर से 1,202 गर्भवती एवं धात्री महिलाओं के पंजीकरण का लक्ष्य मिला था। इसके मुकाबले जिला प्रशासन ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए 2,065 लाभुकों का पंजीकरण सुनिश्चित किया। यह निर्धारित लक्ष्य का 171 प्रतिशत है।
उपायुक्त ने टीम और आमजन के प्रति जताया आभार
इस शानदार उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उपायुक्त नीतिश कुमार सिंह ने कहा कि यह सफलता विभागीय समन्वय, सतत अनुश्रवण और धरातल पर प्रभावी कार्य निष्पादन का परिणाम है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य व पोषण को सुदृढ़ करने में अहम भूमिका निभाती है। हर पात्र महिला तक इसका लाभ समयबद्ध रूप से पहुंचाना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
उपायुक्त ने बेहतर कार्य प्रदर्शन के लिए उप विकास आयुक्त, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी, सभी बाल विकास परियोजना पदाधिकारियों (CDPO), महिला पर्यवेक्षिकाओं, आंगनबाड़ी सेविकाओं और सहायिकाओं का आभार जताया।
उन्होंने निर्देश दिए कि इस गति को बनाए रखते हुए आगे भी हर पात्र महिला की पहचान कर उन्हें योजना से जोड़ा जाए।