सिमडेगा में मुहर्रम जुलूस के दौरान भड़काऊ गीतों पर रहेगा प्रतिबंध, झंडों की ऊंचाई 10 फीट निर्धारित
सिमडेगा में मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण संपन्न कराने के लिए जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक हुई। इसमें भड़काऊ गीतों पर प्रतिबंध, झंडों की ऊंचाई 10 फीट ...और पढ़ें

HighLights
मुहर्रम शांतिपूर्ण संपन्न कराने को शांति समिति की बैठक।
भड़काऊ गीतों पर प्रतिबंध, झंडों की ऊंचाई 10 फीट तय।
सोशल मीडिया पर अफवाहों से बचने की अपील की गई।
संवाद सहयोगी, सिमडेगा। आगामी मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर मंगलवार को उपायुक्त कंचन सिंह एवं पुलिस अधीक्षक श्रीकांत एस खोटरे की संयुक्त अध्यक्षता में जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक आयोजित की गई।
बैठक में प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों, शांति समिति के सदस्यों, जनप्रतिनिधियों तथा मुहर्रम कमेटी के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। बैठक में सेंट्रल मुहर्रम कमेटी ने पर्व के कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए बताया कि 26 जून को मुहर्रम मनाया जाएगा।
28 जून को दोपहर दो बजे से रात आठ बजे तक जुलूस निकाला जाएगा, जबकि 29 जून को खैरनटीली में खेल प्रतियोगिता आयोजित होगी। इसके अलावा कोलेबिरा में 26 जून, बानो में 27 जून तथा ओड़गा में 29 जून को जुलूस निकाले जाएंगे।
उपायुक्त ने कहा कि सिमडेगा में सभी पर्व आपसी भाईचारे और सामाजिक समरसता के साथ मनाए जाते हैं। वहीं बढ़ते ट्रैफिक दबाव को देखते हुए भविष्य में धार्मिक आयोजनों को राष्ट्रीय राजमार्ग पर ना करने को लेकर भी चर्चा हुई।
खबरें और भी
इसके अलावा मुहर्रम के दौरान जुलूस मार्गों और कार्यक्रम स्थलों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने, झंडों की ऊंचाई 10 फीट से अधिक नहीं रखने तथा साउंड सिस्टम पर भड़काऊ गीतों के प्रयोग से बचने के निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक ने सोशल मीडिया पर अफवाह और आपत्तिजनक सामग्री साझा नहीं करने की अपील की। साथ ही एसपी ने कहा कि सभी जुलूस मार्गों का सत्यापन कराया जाएगा।
वहीं जुलूसों की निगरानी के लिए सीसीटीवी, वीडियोग्राफी तथा पर्याप्त पुलिस बल के साथ महिला पुलिसकर्मियों की भी तैनाती की जाएगी। ताकि कोई भी जिले की शांति भंग ना कर सके। इसे लेकर एसपी ने सभी शांति समिति सदस्यों व अन्य लोगों से सहयोग की अपील की।