Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    मुंह से झाग और फूला पेट: झारखंड में 8 मवेशियों की रहस्यमय मौत, पशुपालकों में खौफ

    Updated: Thu, 23 Jul 2026 09:27 PM (IST)

    जगन्नाथपुर के सानन्दा गांव में एक आयुर्वेदिक कॉलेज परिसर के पास रहस्यमय परिस्थितियों में आठ मवेशियों की मौत हो गई, जिससे पशुपालकों में दहशत फैल गई है। ...और पढ़ें

    झारखंड में 8 मवेशियों की रहस्यमय मौत, पशुपालकों में खौफ

    झारखंड में 8 मवेशियों की रहस्यमय मौत, पशुपालकों में खौफ

    HighLights

    1. जगन्नाथपुर में आयुर्वेदिक कॉलेज के पास आठ मवेशियों की मौत।

    2. रहस्यमय परिस्थितियों में हुई मौत, पशुपालकों में दहशत का माहौल।

    3. शॉर्ट सर्किट की आशंका, पोस्टमार्टम से खुलेगा मौत का राज।

    संवाद सूत्र, जगन्नाथपुर। जगन्नाथपुर प्रखंड की बड़ानन्दा पंचायत के सानन्दा गांव के बुकासाई टोला स्थित आयुर्वेदिक कॉलेज एवं अस्पताल परिसर के समीप गुरुवार को रहस्यमय परिस्थितियों में आठ मवेशियों की मौत हो गई। घटना के बाद आसपास के गांवों के पशुपालकों में दहशत का माहौल है।

    जानकारी के अनुसार, कंसलापोस गांव के रुगुड़साई निवासी डुबराज हेंब्रम की तीन गाय तथा आकाश हेंब्रम की पांच गाय और एक बकरी को सुबह चरवाहा कॉलेज परिसर में चराने ले गया था। करीब साढ़े 11 बजे मवेशी चरते-चरते परिसर के समीप एक बरगद के पेड़ के पास पहुंचे।

    प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, इसी दौरान एक-एक कर कई पशु छटपटाकर जमीन पर गिर पड़े और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। कुछ अन्य मवेशी भी गिर पड़े थे, लेकिन बाद में उठकर वहां से भाग गए।

    घटना की सूचना मिलते ही मुखिया हिरामनी केराई, मुंडा मंजित लागुरी, सामाजिक कार्यकर्ता विनीत लागुरी सहित कई ग्रामीण मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। घटना के समय हल्की बारिश हो रही थी, लेकिन न आकाशीय बिजली गिरी थी और न ही मौसम में कोई तेज गर्जना हुई थी।

    घटना के कारणों को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। कुछ लोग इसे किसी प्राकृतिक कारण से जोड़ रहे हैं, जबकि कुछ जहरीले कीड़े, जहरीली घास-पत्तियों या किसी अज्ञात बीमारी की आशंका जता रहे हैं।

    वहीं, पशु चरवाहे का कहना है कि उसी समय कॉलेज हॉस्टल की ओर लगे ट्रांसफार्मर में शॉर्ट सर्किट जैसी आवाज सुनाई दी थी। उसका दावा है कि इसके तुरंत बाद मवेशी गिर पड़े तथा उनके मुंह से झाग निकलने लगा और पेट फूल गया।

    खबरें और भी

    हालांकि, जिस स्थान पर पशुओं की मौत हुई वहां न बिजली का खंभा है और न ही विद्युत तार, इसलिए मौत के कारणों की पुष्टि नहीं हो सकी है।

    ग्रामीण मुंडा मंजीत लागुरी ने बताया कि घटना की सूचना अंचल अधिकारी, थाना प्रभारी और पशु चिकित्सक को दे दी गई है।

    शुक्रवार को मृत पशुओं का पोस्टमार्टम कराया जाएगा, जिसके बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। घटना स्थल का निरीक्षण अंचल निरीक्षक रघुनाथ लागुरी और पंचायत सचिव राजेश कुमार ने भी किया है।