लस्सी के स्वाद से रातों-रात वायरल हुई अंजली, सोनुवा में खोला फास्ट फूड कार्ट, बनीं महिला सशक्तिकरण की मिसाल
अंजली हेम्ब्रम ने सोनुवा में लस्सी की दुकान से शुरुआत कर अब जिला प्रशासन के सहयोग से फास्ट फूड कार्ट खोला है। विधायक जगत माझी के समर्थन और वायरल वीडिय ...और पढ़ें

छोटी सी लस्सी दुकान से विशिष्ट पहचान बनाने वाली अंजली ने अब अपने व्यवसाय का विस्तार करते हुए फास्ट फूड कार्ट की शुरुआत की है।
HighLights
जिला प्रशासन के सहयोग से खोला आधुनिक फास्ट फूड कार्ट।
विधायक जगत माझी ने किया उद्घाटन, अंजली बनीं प्रेरणास्रोत।
संवाद सूत्र, सोनुवा। दृढ़ इच्छाशक्ति, कड़ी मेहनत और कुछ अलग कर गुजरने का जज्बा हो तो गांव की माटी में रहकर भी सफलता का परचम लहराया जा सकता है।
कभी आजीविका और रोजगार की तलाश में दूसरे प्रदेशों में मजदूरी करने को मजबूर रहीं सोनुवा प्रखंड के दिग्गीलोटा गांव की अंजली हेम्ब्रम आज पूरे क्षेत्र के लिए आत्मनिर्भरता और महिला सशक्तिकरण की प्रेरणादायक मिसाल बन चुकी हैं।
एकलव्य आवासीय विद्यालय के सामने अपनी छोटी सी लस्सी दुकान से विशिष्ट पहचान बनाने वाली अंजली ने अब अपने व्यवसाय का विस्तार करते हुए फास्ट फूड कार्ट की शुरुआत की है।
बुधवार को जिला प्रशासन के सहयोग से अनुदान पर उपलब्ध कराए गए इस आधुनिक फूड कार्ट का उद्घाटन मनोहरपुर के विधायक जगत माझी ने फीता काटकर किया।
चाउमीन, मंचूरियन से लेकर चाय-लस्सी तक का मिलेगा स्वाद
अंजली अब अपने इस नए और सुसज्जित कार्ट में लस्सी और चाय के साथ-साथ चाउमीन, मंचूरियन और आलूचोप जैसे विभिन्न फास्ट फूड व्यंजन उपलब्ध कराएंगी।
उद्घाटन के बाद विधायक जगत माझी ने खुद अंजली के स्टॉल पर बने लजीज व्यंजनों का स्वाद लिया। उन्होंने क्षेत्र में स्वच्छता को बढ़ावा देने और स्वच्छ परिवेश बनाए रखने के संदेश के साथ अंजली को एक डस्टबिन भी भेंट किया।
आप बड़े सपने देखिए, पंख हम लगाएंगे- विधायक
विधायक जगत माझी ने अंजली के जज्बे, लगन और निरंतर प्रयास की भूरि-भूरि सराहना की। उन्होंने कहा कि अंजली ने यह साबित कर दिखाया है कि दृढ़ संकल्प और मेहनत से अपने गांव में रहकर भी आत्मनिर्भर बना जा सकता है।
वह क्षेत्र की सभी महिलाओं और युवाओं के लिए एक जीवंत प्रेरणा स्रोत हैं। विधायक ने महिलाओं से स्वरोजगार अपनाकर आर्थिक रूप से मजबूत बनने का आह्वान करते हुए कहा कि आप बड़े सपने देखिए, उन सपनों को पंख लगाने का काम हम करेंगे।
वायरल वीडियो ने बदली किस्मत
गौर हो कि कुछ दिन पूर्व सोनुवा से लौटने के दौरान विधायक जगत माझी दिग्गीलोटा स्थित अंजली की लस्सी दुकान पर अचानक रुके थे।
वहां उनके लस्सी पीने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसके बाद अंजली की दुकान लोगों के आकर्षण का केंद्र बन गई।
इसके बाद सिंहभूम सांसद जोबा माझी और उपायुक्त मनीष कुमार सहित जिले के कई वरीय अधिकारियों ने भी दुकान पर पहुंचकर उनका हौसला बढ़ाया था।
पलायन छोड़ गांव में ही ढूंढें अवसर: अंजली
अंजली हेम्ब्रम ने अपनी इस सफलता और सफर में सहयोग के लिए विधायक और जिला प्रशासन का दिल से आभार व्यक्त किया।
उन्होंने युवाओं से अपील की कि रोजगार के लिए दूसरे राज्यों की ओर पलायन करने के बजाय अपने गांव-घर में ही स्वरोजगार के नए अवसर तलाशें।
उन्होंने कहा कि शुरुआत छोटी हो सकती है, लेकिन मेहनत और लगन से सफलता निश्चित मिलती है। इस दौरान सागर महतो, हेमंत सोरेन, डब्लू बानरा, अजय महाली, किशोर दास, दीपक माझी, अश्विनी महतो सहित बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।