चाईबासा में युवक की धारदार हथियार से हत्या; नदी में उतराता मिला धड़, कटे हुए सिर की तलाश में जुटी पुलिस
चाईबासा के अरगुंडी गांव में 35 वर्षीय जान जोंकों गागराई की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई, जिसका सिर धड़ से अलग कर दिया गया। ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक तस्वीर।
HighLights
चाईबासा में युवक जान जोंकों गागराई की हत्या।
धारदार हथियार से सिर धड़ से अलग किया गया।
पुलिस नदी से धड़ बरामद कर सिर खोज रही।
जागरण संवाददाता, चाईबासा । मुफस्सिल थाना क्षेत्र के अरगुंडी गांव में शनिवार देर रात अज्ञात हमलावरों ने 35 वर्षीय युवक जान जोंकों गागराई की धारदार हथियार से हत्या कर दी।
घटना के अगले दिन रविवार को कोटसोना और अरगुंडी गांव के बीच नदी से पुलिस ने उसका शव बरामद किया। हत्यारों ने क्रूरता की सारी हदें पार करते हुए मृतक का सिर धड़ से अलग कर दिया, जो अब तक बरामद नहीं हो सका है।
इस हमले में जान जोंकों के साथ मौजूद उसका दोस्त उदय जामुदा भी गंभीर रूप से घायल हो गया। हमलावर उसे मृत समझकर पास की झाड़ियों में फेंककर फरार हो गए थे।
ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस
रविवार सुबह जब ग्रामीण शौच और स्नान के लिए नदी की ओर गए, तब उन्होंने पानी में बिना सिर का शव देखा। पास ही झाड़ी में अचेत और घायल अवस्था में उदय जामुदा पड़ा मिला।
ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना मानकी नाजिर जमुदा और मुफस्सिल थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों के सहयोग से शव को बाहर निकलवाया।
तलाशी अभियान के दौरान नदी के पास से मृतक के कटे हुए हाथ और पैर तो बरामद कर लिए गए, लेकिन सिर का कोई सुराग नहीं मिला। पुलिस ने घायल उदय जामुदा को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया।
जांच में जुटी पुलिस, गांव में दहशत
पुलिस घायल उदय से पूछताछ कर हमलावरों की पहचान और हत्या के कारणों का पता लगाने में जुटी है। ग्रामीणों के बीच चर्चा है कि वारदात में करीब 10 लोग शामिल थे।
हालांकि पुलिस जांच के बाद ही इसकी आधिकारिक पुष्टि करेगी। मृतक आइटीआइ पास था और बेंगलुरु में नौकरी करता था। वह करीब एक माह पहले ही गांव आया था। इस वीभत्स घटना के बाद से क्षेत्र में दहशत का माहौल है।