Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    चाईबासा के काटेपाड़ा जंगल में मिला था शव: मुकेश बारजो हत्याकांड का पर्दाफाश, पुलिस जांच में आरोपी ने उगला सच

    Updated: Wed, 17 Jun 2026 05:18 PM (IST)

    चाईबासा पुलिस ने 20 वर्षीय मुकेश बारजो हत्याकांड का खुलासा कर दिया है, जिसमें मुख्य आरोपी फंटुस लागुरी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। मामूली विवाद के ...और पढ़ें

    जगन्‍नथपुर थाना में प्रेस वार्ता में जानकारी देते पुलिस पदाधिकारी व पीछे खड़ा नकाबपोश आरोपी।

    जगन्‍नथपुर थाना में प्रेस वार्ता में जानकारी देते पुलिस पदाधिकारी व पीछे खड़ा नकाबपोश आरोपी।

    HighLights

    1. मुकेश बारजो हत्याकांड का चाईबासा पुलिस ने किया खुलासा।

    2. मुख्य आरोपी फंटुस लागुरी ने पुलिस पूछताछ में जुर्म कबूला।

    3. मामूली विवाद के बाद जान से मारने की धमकी मिली थी।

    संसू, चाईबासा । जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र के छोटा महुलडीहा में हुए 20 वर्षीय युवक मुकेश बारजो हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। मामले में गिरफ्तार मुख्य आरोपी फंटुस लागुरी ने पुलिस पूछताछ में अपना जुर्म कबूल कर लिया है। 
     
    पुलिस अब इस हत्याकांड की कड़ियों को जोड़ने और घटना में किसी अन्य सह-आरोपी की संलिप्तता की बारीकी से जांच कर रही है।
     

    मामूली विवाद के बाद मिली थी जान से मारने की धमकी

    पुलिस की प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि कुछ दिनों पहले मुकेश बारजो और फंटुस लागुरी के बीच किसी बात को लेकर आपसी विवाद हुआ था। इस झगड़े के दौरान आरोपी फंटुस ने मुकेश को जान से मारने की धमकी दी थी। 
     
    इस घटना के बाद से ही मुकेश अचानक लापता हो गया था। परिजनों ने उसकी काफी खोजबीन की, लेकिन उसका कहीं कोई सुराग नहीं मिला।
     

    जंगल के नाले से बरामद हुआ था शव

    गत 15 जून को पुलिस को काटेपाड़ा जंगल स्थित सुखदेवलंगर नाला के पास एक अज्ञात युवक का शव होने की सूचना मिली। शव कई दिन पुराना होने के कारण क्षत-विक्षत स्थिति में था और उससे तेज दुर्गंध आ रही थी। 
     
    पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेजा, जिसके बाद उसकी पहचान लापता मुकेश बारजो के रूप में हुई।
     

    एसडीपीओ के नेतृत्व में टीम ने की कार्रवाई 

    मृतक की पत्नी बुधनी गोप बारजो के बयान पर जगन्नाथपुर थाने में हत्या का मामला दर्ज किया गया था। इसके बाद पुलिस अधीक्षक (SP) के निर्देश पर एसडीपीओ रफाएल मुर्मू के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। 
     
    टीम ने तकनीकी साक्ष्यों (Technical Evidences) और स्थानीय गुप्त सूचनाओं के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी फंटुस लागुरी को धर दबोचा।


    पुलिस सूत्रों के मुताबिक, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इधर, मुकेश की मौत से छोटा महुलडीहा गांव और आसपास के इलाकों में शोक का माहौल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की मांग की है।