चक्रधरपुर रेल मंडल: 8 मेमू ट्रेनें 15 अगस्त तक रहेंगी रद, डेली पैसेंजर्स की बढ़ी परेशानी, देखें रद ट्रेनों की पूरी सूची
चक्रधरपुर रेल मंडल से चलने वाली 8 मेमू ट्रेनों का निरस्तीकरण 15 अगस्त तक बढ़ा दिया गया है, जिससे दैनिक यात्रियों की परेशानी बढ़ गई है। ...और पढ़ें

24 दिनों से लगातार बंद चल रही इन मेमू सेवाओं के ठप रहने से दैनिक यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
HighLights
जगन्नाथ रथ यात्रा के कारण रेक वापसी में देरी।
दैनिक यात्रियों को भारी असुविधा का सामना।
जागरण संवाददाता, चक्रधरपुर। दक्षिण पूर्व रेलवे (SER) ने चक्रधरपुर रेल मंडल से होकर गुजरने और चलने वाली 8 प्रमुख मेमू (MEMU) पैसेंजर ट्रेनों के निरस्तीकरण (Cancellation) की अवधि को 15 अगस्त तक बढ़ा दिया है।
पिछले 24 दिनों से लगातार बंद चल रही इन मेमू सेवाओं के ठप रहने से दैनिक यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। 15 अगस्त तक ट्रेनों के रद रहने से यह अवधि बढ़कर कुल 35 दिन हो जाएगी।
क्यों बढ़ानी पड़ी निरस्तीकरण की अवधि?
रेलवे सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, दक्षिण पूर्व रेलवे ने 13 से 27 जुलाई तक ओडिशा के पुरी धाम में आयोजित जगन्नाथ रथ यात्रा के दौरान स्पेशल ट्रेनें और लोकल सेवाएं चलाने के लिए इन मेमू ट्रेनों का रेक ईस्ट कोस्ट रेलवे (East Coast Railway) को सौंपा था।
हालांकि, तकनीकी या प्रशासनिक कारणों से रद मेमू ट्रेनों का रेक समय पर चक्रधरपुर मंडल को वापस नहीं मिल सका। इस वजह से रेलवे को मजबूरन 15 अगस्त तक इनके रद्दीकरण को आगे बढ़ाना पड़ा है।
15 अगस्त तक रद रहने वाली 8 मेमू ट्रेनों की सूची:
- 68026 राउरकेला-चक्रधरपुर सारंडा मेमू
- 68025 चक्रधरपुर-राउरकेला सारंडा मेमू
- 68029 राउरकेला-झारसुगुड़ा मेमू
- 68030 झारसुगुड़ा-राउरकेला मेमू
- 68031 झारसुगुड़ा-सम्बलपुर मेमू
- 68032 संबलपुर-झारसुगुड़ा मेमू
- 68033 झारसुगुड़ा-सम्बलपुर मेमू
- 68034 संबलपुर-झारसुगुड़ा मेमू
ट्रेनों के लगातार रद रहने से राउरकेला, झारसुगुड़ा, सम्बलपुर और चक्रधरपुर के बीच रोजाना सफर करने वाले नौकरीपेशा, छात्रों और छोटे व्यापारियों को सड़क मार्ग या अन्य महंगी गाड़ियों का सहारा लेना पड़ रहा है।