पश्चिम सिंहभूम में पति-पत्नी की बेरहमी से हत्या, सिर पर धारदार हथियार से किया वार; इलाके में दहशत
पश्चिम सिंहभूम के कुमारडुंगी में डायन-बिसाही के शक में एक दंपती की कुल्हाड़ी से हत्या कर दी गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है, जबकि गांव म ...और पढ़ें

पति-पत्नी की बेरहमी से हत्या
HighLights
पश्चिम सिंहभूम में दंपती की डायन-बिसाही के शक में हत्या।
कुल्हाड़ी से हमला कर शव नाले में मिले।
पुलिस जांच में जुटी, हत्यारों की तलाश जारी।
संवाद सूत्र, कुमारडुंगी। पश्चिमी सिंहभूम जिले के कुमारडुंगी थाना क्षेत्र में डायन-बिसाही के शक में एक दंपती की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। गंडकिदा गांव के बिश्रामपुर टोला निवासी 44 वर्षीय डोंका सिंकु और उसकी 42 वर्षीय पत्नी गोरवारी सिंकु की गुरुवार रात कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या कर दी गई।
शुक्रवार सुबह दोनों के शव गांव के सरकारी तालाब के पास नाले में मिलने के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल चाईबासा भेज दिया है। घटना में एक से अधिक लोगों के शामिल होने की आशंका जताई जा रही है।
पहले पति पर किया हमला, फिर पत्नी को बनाया निशाना
बताया जाता है कि डोंका सिंकु गुरुवार को अपनी तीन बेटियों के साथ खंडकोरी में आयोजित जामताड़ा पर्व देखने गया था। करीब 10 बजे वह बच्चों के साथ घर लौट रहा था। उसने अपनी तीनों बेटियों को नजदीकी सड़क से घर बिश्रामपुर भेज दिया और खुद बड़ा बस्ती की ओर चला गया।
शाम तक जब डोंका घर नहीं लौटा तो उसकी पत्नी गोरवारी, जो उस समय बैल चराने गई थी, घर पहुंची। शाम करीब पांच बजे वह पति को खोजने के लिए बड़ा बस्ती की ओर निकल गई। बताया जाता है कि दोनों गंडकिदा गांव के बड़ा टोला से हड़िया का सेवन करने के बाद घर लौट रहे थे।
खबरें और भी
इसी दौरान सरकारी तालाब के सामने अज्ञात हमलावरों ने डोंका सिंकु को पकड़ लिया। उसके दोनों हाथ बांध दिए गए और सिर पर कुल्हाड़ी से हमला कर उसकी हत्या कर दी गई। इसके बाद करीब 40 फीट की दूरी पर गोरवारी सिंकु पर भी कुल्हाड़ी से हमला किया गया।
गंभीर चोट लगने के कारण उसकी भी मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, हत्या के बाद दोनों शवों को घटनास्थल से कुछ दूरी पर नाले की ओर ले जाया गया। पानी में पड़े रहने के कारण दोनों शवों में सूजन आ गई थी। घटना को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए।
सुबह नाले में तैरते मिले शव
शुक्रवार सुबह गांव के कुछ लोग शौच के लिए सरकारी तालाब की ओर गए थे। इसी दौरान उनकी नजर नाले में पड़े दोनों शवों पर पड़ी। शवों को देखते ही ग्रामीणों ने इसकी सूचना ग्रामीण मुंडा कमल किशोर हेंब्रम को दी। इसके बाद पुलिस को घटना की जानकारी दी गई।
सूचना मिलने पर कुमारडुंगी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। इंस्पेक्टर और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी रफायल मुर्मू ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जानकारी ली।
पुलिस ने ग्रामीणों से पूछताछ कर घटना के संबंध में जानकारी जुटाने का प्रयास किया, लेकिन गांव के लोगों ने किसी भी व्यक्ति के बारे में जानकारी होने से इनकार किया।
डॉग स्क्वायड से भी जांच, नहीं मिला सुराग
थाना प्रभारी सुनील कुमार चौधरी ने घटना की गंभीरता को देखते हुए डॉग स्क्वायड की मदद ली। पुलिस ने काफी प्रयास किया, लेकिन तत्काल कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लगा।
गांव में घटना को लेकर इस कदर दहशत थी कि लोग दोनों शवों को पानी से बाहर निकालने के लिए भी आगे नहीं आ रहे थे। बाद में पुलिस और ग्रामीणों की मदद से लोगों को एकत्र किया गया और दोनों शवों को नाले से बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए चाईबासा भेजा गया।
डायन-बिसाही को लेकर गांव में चर्चा
घटना के बाद ग्रामीणों के बीच तरह-तरह की चर्चा शुरू हो गई है। ग्रामीण हत्या को डायन-बिसाही के शक से जोड़ रहे हैं। चर्चा है कि दोनों मृतकों का आसपास के कुछ लोगों के साथ विवाद रहता था और उन पर डायन-बिसाही का आरोप लगाया जाता था। इसी वजह से किसी ने उनकी हत्या की होगी।
हालांकि, पुलिस ने अभी तक हत्या के पीछे डायन-बिसाही को कारण नहीं माना है और इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
पुलिस हत्या के पीछे आपसी विवाद, अंधविश्वास समेत अन्य संभावित कारणों को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही हत्या के वास्तविक कारण का पता चल सकेगा।
तीन बेटियों के सिर से उठा माता-पिता का साया
दंपती की हत्या के बाद उनकी तीन बेटियों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के समय तीनों बच्चियां घर पर थीं। उन्हें इस बात का अंदाजा भी नहीं था कि उनके माता-पिता के साथ इतनी बड़ी घटना हो चुकी है।
परिजनों और ग्रामीणों के बीच भी मातम का माहौल है। परिजनों के अनुसार, मृतक डोंका सिंकु का बड़ा बेटा गोमेया सिंकु कुछ दिन पहले ही काम करने के लिए मुंबई गया है।
उसका छोटा बेटा मोटाय सिंकु भी पिछले कुछ महीनों से गुजरात में मजदूरी करने गया हुआ है। माता-पिता की हत्या की खबर मिलने के बाद दोनों बेटों को घटना की जानकारी दी गई है।
बहू के बयान पर हत्या का मामला दर्ज
कुमारडुंगी थाना प्रभारी सुनील कुमार चौधरी ने बताया कि मृतक की बहू शिला सिंकु के फर्दबयान के आधार पर हत्या का मामला दर्ज किया गया है। अभी हत्या के कारण का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। प्रारंभिक जांच में एक से अधिक लोगों के घटना में शामिल होने की आशंका है।
पुलिस विभिन्न पहलुओं पर जांच कर रही है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के साथ संदिग्धों के बारे में जानकारी एकत्र की जा रही है। थाना प्रभारी ने कहा कि हत्यारोपितों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।
यह भी पढ़ें- तीन राज्यों की पुलिस का मास्टर प्लान: अंतरराज्यीय सीमा पर नक्सलियों, ड्रग्स और पशु तस्करों पर कसेगा शिकंजा