पश्चिमी सिंहभूम में हाथियों का आतंक: झोपड़ी में सो रही पुजारी को पटककर मार डाला, 3 माह में 25 की गई जान
पश्चिमी सिंहभूम में जंगली हाथी के हमले से एक पुजारी महिला चांदो देवी की मौत हो गई, जबकि एक अन्य पुजारी गंभीर रूप से घायल है। यह घटना मुफस्सिल थाना क्ष ...और पढ़ें

हाथी के हमले में महिला पुजारी की मौत। फोटो जागरण
HighLights
पश्चिमी सिंहभूम में जंगली हाथी ने पुजारी महिला को मारा।
हाथी के हमले में एक अन्य पुजारी गंभीर रूप से घायल।
तीन माह में 25 मौतें, मानव-हाथी संघर्ष बढ़ा।
संवाद सहयोगी, चाईबासा। पश्चिमी सिंहभूम जिले में जंगली हाथियों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। सोमवार रात मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बरकुंडिया गांव के तुरामडीह टोला में एक जंगली हाथी ने हमला कर पुजारी महिला चांदो देवी (56) की जान ले ली, जबकि एक अन्य पुजारी गंभीर रूप से घायल हो गया।
बताया गया कि तांतनगर प्रखंड के कुम्बराम गांव निवासी चांदो देवी पूजा-पाठ का कार्य करती थीं। सोमवार रात वह बरकुंडिया गांव स्थित मंदिरनुमा झोपड़ी में भोजन के बाद पूजा कर सो रही थीं।
इसी दौरान जंगल की ओर से आए हाथी ने झोपड़ी पर हमला कर दिया और चांदो देवी को सूंड से उठाकर पटक दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं।
घटना के समय साथ मौजूद पुजारी लखन कुदादा पर भी हाथी ने हमला किया, लेकिन वह किसी तरह जान बचाकर झाड़ियों में भागने में सफल रहे। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों ने टॉर्च व मशाल के सहारे हाथी को खदेड़ा।
घटना के बाद चांदो देवी और घायल लखन कुदादा को सदर अस्पताल लाया गया, इस बीच रास्ते में ही चांदो देवी की मौत हो गई, जबकि लखन कुदादा का इलाज अस्पताल के आईसीयू में चल रहा है।
ग्रामीण जवरा कुदादा ने बताया कि तीनों मिलकर पूजा-पाठ का कार्य करते थे। अचानक हाथी के हमले में यह दुखद घटना हुई। मंगलवार सुबह वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और हाथी को जंगल की ओर खदेड़ दिया।
विभाग ने पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने का आश्वासन दिया है। गौरतलब है कि पिछले तीन महीनों में जिले में हाथियों के हमले से 25 लोगों की मौत हो चुकी है।
राज्य में सबसे अधिक हाथी पश्चिमी सिंहभूम में होने के कारण मानव-हाथी संघर्ष की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। सोमवार की घटना के बाद आसपास के गांवों में दहशत का माहौल है।
यह भी पढ़ें- झारखंड के स्कूलों में विषयवार पाठ्य-योजना न बनाने पर शिक्षकों का अप्रैल-मई का वेतन वेतन रुकेगा
यह भी पढ़ें- PM Modi के ‘मन की बात’ के बाद रांची की 100 साल पुरानी ओडिया पांडुलिपि का होगा संरक्षण