झारखंड में मरीज को अस्पताल ले जा रही थार पेड़ से टकराई, एक ही परिवार के 3 लोगों की मौत
ओडिशा के चंपुआ में राष्ट्रीय राजमार्ग-20 पर एक भीषण सड़क हादसे में झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले के एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत हो गई, जबकि एक ...और पढ़ें

थार पेड़ से टकराई
HighLights
ओडिशा में राष्ट्रीय राजमार्ग-20 पर भीषण सड़क हादसा।
झारखंड के एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत।
तेज रफ्तार थार वाहन पेड़ से टकराया, एक घायल।
जागरण संवाददाता, जैंतगढ़ (पश्चिमी सिंहभूम)। ओडिशा के चंपुआ थाना क्षेत्र स्थित रजिया के पास राष्ट्रीय राजमार्ग-20 पर बुधवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि उनका बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है।
जानकारी के अनुसार, पश्चिमी सिंहभूम जिले के जैंतगढ़ थाना क्षेत्र के सिजुकला गांव निवासी त्रिलोचन आपाट को बुधवार रात अचानक पेट में तेज दर्द की शिकायत हुई। परिजन उन्हें उपचार के लिए थार वाहन से चंपुआ अस्पताल ले जा रहे थे। वाहन में उनके बेटे रंजीत आपाट, पत्नी कोईफुलो आपाट तथा रिश्तेदार भास्कर आपाट भी सवार थे।
रात करीब 10 बजे जब वाहन रजिया के पास राष्ट्रीय राजमार्ग-20 पर पहुंचा, तभी तेज रफ्तार के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। अनियंत्रित थार सड़क किनारे खड़े आम के पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वाहन के परखच्चे उड़ गए और सभी चारों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
दो ने रास्ते में तोड़ा दम
सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और चंपुआ पुलिस मौके पर पहुंची। सभी घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां भास्कर आपाट को मृत घोषित कर दिया गया। अन्य तीन घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें क्योंझर जिला मुख्यालय अस्पताल रेफर किया गया। लेकिन अस्पताल ले जाने के दौरान त्रिलोचन आपाट और उनकी पत्नी कोईफुलो आपाट ने भी रास्ते में दम तोड़ दिया।
खबरें और भी

वहीं, रंजीत आपाट का अस्पताल में गंभीर हालत में इलाज चल रहा है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त थार को जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार के कारण वाहन के अनियंत्रित होकर पेड़ से टकराने की बात सामने आई है।
एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत से सिजुकला गांव में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे इलाके में शोक का माहौल है।
यह भी पढ़ें- अनोखी दास्तान: परिजनों ने जिसे मृत मानकर कर दिया था श्राद्ध, वह गोरखपुर जेल में निकला जीवित; मिली उम्रकैद