Chaibasa के कुमारडुंगी में नकाबपोश बदमाशों ने दुकानदार के परिवार को बंधक बनाकर लूटे 30 हजार, चार दिन में दूसरी वारदात
पश्चिमी सिंहभूम के कुमारडुंगी में नकाबपोश डकैतों ने एक दुकानदार के परिवार को बंधक बनाकर 30 हजार रुपये नकद लूट लिए। यह चार दिनों में गांव में दूसरी बड़ ...और पढ़ें

पिस्तौल और धारदार हथियार से लैस बदमाशों ने इसी घर को बनाया निशाना।
HighLights
नकाबपोश डकैतों ने दुकानदार के परिवार को बंधक बनाया।
घर से 30 हजार रुपये नकद लूटकर फरार हुए बदमाश।
संसू, कुमारडुंगी। पश्चिमी सिंहभूम जिले के कुमारडुंगी थाना क्षेत्र अंतर्गत खंडकोरी गांव में नकाबपोश डकैतों का आतंक चरम पर है। सोमवार तड़के करीब दो बजे हथियारबंद बदमाशों ने एक दुकानदार के घर धावा बोलकर पूरे परिवार को करीब एक घंटे तक बंधक बनाए रखा।
इस दौरान बदमाशों ने मारपीट करते हुए घर से 30 हजार रुपये नकद लूट लिए और पुलिस को सूचना देने पर पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। चार दिनों के भीतर गांव में यह दूसरी बड़ी वारदात है, जिससे ग्रामीणों में भारी दहशत का माहौल है।
छत के रास्ते घर में घुसे नकाबपोश
जानकारी के अनुसार, खंडकोरी गांव के राजाबासा टोला निवासी कमल पान स्थानीय बाजार में दुकान लगाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं। सोमवार तड़के चार नकाबपोश बदमाश उनके घर पहुंचे।
इनमें से एक बदमाश छत के रास्ते घर के अंदर दाखिल हुआ और उसने मुख्य दरवाजा खोलकर अपने बाकी साथियों को भी अंदर बुला लिया। तीन बदमाश घर के भीतर घुसे, जबकि उनका एक साथी बाहर पहरा देता रहा।
विरोध करने पर बांधे हाथ-पैर, पिस्तौल की बट से किया हमला
सभी अपराधी देशी पिस्तौल और धारदार हथियारों से लैस थे। घर में घुसते ही बदमाशों ने सबसे पहले कमल पान को काबू में करने की कोशिश की और उनके सिर पर पिस्तौल तान दी।
कमल ने साहस दिखाते हुए जब इसका विरोध किया, तो बदमाशों ने उनके साथ हाथापाई की और उन्हें बिस्तर पर पटक कर हाथ-पैर बांध दिए। आवाज निकालने पर उनका गला दबाकर चुप करा दिया गया।
शोर सुनकर जब उनकी पत्नी कमला देवी जागीं, तो एक बदमाश ने उनका मुंह दबा दिया और विरोध करने पर पिस्तौल की बट से उनके सिर पर वार कर दिया। बदमाशों ने उनके दो बच्चों समेत पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी।
सोना-चांदी छोड़ सिर्फ नकदी पर था ध्यान
पीड़ित परिवार के अनुसार, डकैतों का पूरा ध्यान सिर्फ नकदी पर था। उन्होंने घर में रखे सोने-चांदी के जेवरात लेने से साफ इनकार कर दिया।
परिवार ने डरकर घर में रखे 30 हजार रुपये बदमाशों के हवाले कर दिए। इसके बावजूद बदमाश और पैसों की मांग करते हुए मारपीट करते रहे।
उनका कहना था कि उन्हें घर में और ज्यादा कैश होने की सूचना मिली है। इसी बीच कमला देवी के चिल्लाने पर पड़ोसी जाग गए और लोगों की हलचल बढ़ती देख बदमाश मौके से भाग निकले।
चार दिन पहले भी इसी गांव में दी थी दस्तक
ग्रामीणों के अनुसार, कुछ अपराधी बाहर एक वाहन में पहले से मौजूद थे, जिसमें बैठकर सभी फरार हो गए। ग्रामीणों ने बताया कि इसी गिरोह ने चार दिन पहले यानी 29 मई की रात को भी खंडकोरी गांव के हाटसाई टोला में रहने वाले दुकानदार जगराई सिंकु के घर को निशाना बनाने का प्रयास किया था।
तब एक बदमाश बिना ग्रिल वाली खिड़की से अंदर घुसा था, लेकिन जगराई की पत्नी रीना सिंकु के शोर मचाने और पास में खड़ी एक बस के कर्मचारियों के जाग जाने के कारण बदमाश बिना लूटपाट किए भाग खड़े हुए थे। भागने के दौरान एक बस कर्मचारी के साथ बदमाशों की हाथापाई भी हुई थी। लगातार हो रही इन घटनाओं से क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।