Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    झारखंड में मॉब लिंचिंग: दुष्कर्म के प्रयास के आरोप में अधेड़ की पीट-पीटकर हत्या, रातभर आंगन में पड़ा रहा शव

    Updated: Mon, 03 Aug 2026 05:50 PM (IST)

    पश्चिम सिंहभूम के कुमारडुंगी में दुष्कर्म के प्रयास के आरोप में 53 वर्षीय कुंडिया सिंकु की भीड़ ने पीट-पीटकर हत्या कर दी। पुलिस मामले की जांच कर रही ह ...और पढ़ें

    हत्‍यारोपियों के घरों से चारपाई लाकर शव को उठाने तथा अंतिम संस्कार का पूरा खर्च वहन करने की मांग पर अड़े परिजन।

    हत्‍यारोपियों के घरों से चारपाई लाकर शव को उठाने तथा अंतिम संस्कार का पूरा खर्च वहन करने की मांग पर अड़े परिजन।

    HighLights

    1. पश्चिम सिंहभूम में मॉब लिंचिंग की सनसनीखेज घटना।

    2. दुष्कर्म के प्रयास के आरोप में अधेड़ की हत्या।

    3. परिजनों ने आरोपियों की गिरफ्तारी तक शव उठाने से किया इनकार।

    संवाद सूत्र, कुमारडुंगी। पश्चिम सिंहभूम जिले के कुमारडुंगी थाना क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को ठेंगा दिखाने वाली एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। 
     
    गंडकिदा गांव में दंपती की कुल्हाड़ी से हत्या के मामले का खुलासा हुए महज दो दिन ही बीते थे कि पतारहातु गांव के बारुसाई टोला में भीड़ ने मॉब लिंचिंग की वारदात को अंजाम दे दिया। 
     
    ग्रामीणों ने 53 वर्षीय कुंडिया सिंकु पर एक महिला के साथ दुष्कर्म के प्रयास का आरोप लगाते हुए पीट-पीटकर उसकी हत्या कर दी।
     
    हालांकि, पुलिस ने दुष्कर्म के प्रयास के इस आरोप की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और मामले की पड़ताल जारी है।
     

    घर से घसीटकर 300 मीटर दूर ले गए आरोपी

    प्राप्त जानकारी के अनुसार, रविवार शाम करीब छह बजे कुंडिया सिंकु अपने घर पर बैठा था। इसी दौरान गांव के ही 10 से 12 लोग उसके घर धमके। 
     
    आरोप है कि हमलावरों ने उसे जबरन घर से बाहर निकाला और घसीटते तथा मारपीट करते हुए करीब 300 मीटर दूर कुशनु हेम्ब्रम के नवनिर्मित मकान के पास ले गए। 
     
    वहां आरोपियों ने लाठी-डंडों से उस पर बेरहमी से हमला कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, पिटाई इतनी भयावह थी कि कुंडिया सिंकु ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
     

    रातभर अर्धनग्न अवस्था में पड़ा रहा शव

    हत्याकांड को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी शव को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गए। मृतक का शव पूरी रात कुशनु हेम्ब्रम के नवनिर्मित मकान के आंगन में अर्धनग्न अवस्था में पड़ा रहा। 
     
    सोमवार सुबह जब कुंडिया सिंकु रातभर घर नहीं लौटा, तो उसकी पत्नी तलाश में निकली। खोजबीन करते हुए वह आंगन तक पहुंची, तो वहां पति का रक्तरंजित शव देख स्तब्ध रह गई। 
     

    आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े परिजन

    घटना की खबर फैलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर जुट गए, जिससे गांव में भारी तनाव व्याप्त हो गया। घटना के बाद मृतक के बड़े बेटे रघुनाथ सिंकु ने कुमारडुंगी थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। 
     
    सूचना मिलते ही थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ पहुंचे और साक्ष्य जुटाने शुरू किए। हालांकि, परिजनों ने शव को पोस्टमार्टम के लिए उठाने से साफ इनकार कर दिया। परिजनों की मांग थी कि जब तक सभी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होती, वे शव नहीं ले जाने देंगे।
     
    इतना ही नहीं, परिजनों ने एक अनोखी शर्त रखी कि जिन लोगों ने हत्या की है, उन्हीं के घरों से चारपाई लाकर शव को उठाया जाए तथा अंतिम संस्कार का पूरा खर्च और व्यवस्था भी आरोपी ही वहन करें।
     

    पुलिस जांच और गांव में निगरानी बढ़ाई गई

    घटनास्थल पर काफी देर तक गतिरोध और तनाव का माहौल बना रहा, जिसे शांत कराने में पुलिस जुटी रही। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि वारदात स्थल से जरूरी साक्ष्य एकत्र कर लिए गए हैं। 
     
    मृतक पर लगाए गए दुष्कर्म के प्रयास के आरोप की भी अलग से निष्पक्ष जांच होगी। लगातार हो रही आपराधिक घटनाओं को देखते हुए क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस की निगरानी बढ़ा दी गई है। दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है।