JSSC क्षेत्रीय कार्यकर्ता परीक्षा: पश्चिमी सिंहभूम में 9948 में से सिर्फ 1851 अभ्यर्थी पहुंचे केंद्र; 81.39% रहे नदारद
पश्चिमी सिंहभूम में JSSC क्षेत्रीय कार्यकर्ता प्रतियोगिता परीक्षा-2024 में चौंकाने वाली कम उपस्थिति दर्ज की गई, जहां 9948 पंजीकृत अभ्यर्थियों में से क ...और पढ़ें

चाईबासा में परीक्षा हॉल में जाने से पहले अभ्यर्थियों की शारीरिक जांच करते कर्मचारी।
HighLights
कड़ी सुरक्षा के बावजूद एक परीक्षार्थी को निष्कासित किया गया।
26 केंद्रों पर शांतिपूर्ण परीक्षा, व्यवस्था संभालने में 1,200 कर्मी रहे तैनात
जागरण संवाददाता, चाईबासा। झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) द्वारा आयोजित झारखंड क्षेत्रीय कार्यकर्ता प्रतियोगिता परीक्षा-2024 रविवार को पश्चिमी सिंहभूम जिले के 26 परीक्षा केंद्रों पर संपन्न हुई।
इस परीक्षा में अभ्यर्थियों की उपस्थिति बेहद कम दर्ज की गई, जिसने सबको चौंका दिया। जिले में कुल 9948 पंजीकृत अभ्यर्थियों में से महज 1851 (18.61 प्रतिशत) ही परीक्षा देने पहुंचे।
वहीं, 8097 अभ्यर्थी (81.39 प्रतिशत) अनुपस्थित रहे। आसान शब्दों में कहें तो हर 10 पंजीकृत अभ्यर्थियों में से लगभग 8 ने परीक्षा छोड़ दी।
1.5 अभ्यर्थी पर तैनात था 1 सुरक्षाकर्मी
उपायुक्त मनीष कुमार और पुलिस अधीक्षक अमित रेणु के निर्देशन में जिला प्रशासन ने परीक्षा को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए थे। सभी 26 केंद्रों पर केंद्राधीक्षकों, दंडाधिकारियों, वीक्षकों और पुलिस बलों समेत कुल 1200 कर्मियों की तैनाती की गई थी।
परीक्षार्थियों की कम संख्या के कारण स्थिति यह रही कि परीक्षा देने पहुंचे लगभग प्रत्येक डेढ़ (1.5) अभ्यर्थी पर व्यवस्था संभालने के लिए एक कर्मी तैनात रहा।
नियमों के उल्लंघन पर एक परीक्षार्थी निष्कासित
प्रशासन के अनुसार, सभी केंद्रों पर परीक्षा पूरी तरह शांतिपूर्ण और व्यवस्थित रही। हालांकि, प्रथम पाली के दौरान कार्मेल उच्च विद्यालय (चक्रधरपुर) केंद्र पर परीक्षा नियमों का उल्लंघन करने के आरोप में एक परीक्षार्थी को निष्कासित कर दिया गया।
इसके अलावा जिले में कहीं से भी किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली। माना जा रहा है कि लंबी दूरी और परिवहन संबंधी दिक्कतों के कारण इतनी बड़ी संख्या में अभ्यर्थी केंद्रों तक नहीं पहुंच सके। जिला प्रशासन ने परीक्षा के निष्पक्ष और शांतिपूर्ण संचालन पर संतोष व्यक्त किया है।