यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Apr 23, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Kalpana Soren : 'जब अंग्रेजों के सामने नहीं झुकी तो...', कल्पना सोरेन का सिंहभूम की धरती से BJP को संदेश
Kalpana Soren कल्पना सोरेन मंगलवार को सिंहभूम की धरती चाईबासा पहुंची। इस दौरान इंडी गठबंधन के प्रत्याशी जोबा मांझी के समर्थन में पहुंची कल्पना सोरेन ...और पढ़ें

HighLights
- भाजपा ने षड्यंत्र करके हेमंत सोरेन को जेल में डाल दिया- कल्पना
- भाजपा संविधान को बदलने की कोशिश कर रही है- कल्पना सोरेन
जागरण संवाददाता, चाईबासा। पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की पत्नी कल्पना सोरेन मंगलवार को सिंहभूम की धरती चाईबासा से विरोधियों पर जमकर बरसीं। इंडी गठबंधन प्रत्याशी जोबा मांझी को जिताने का संकल्प दिलाते हुए उन्होंने कहा कि ये सिंहभूम की धरती है, यहां की जनता शेर है। न पहले झुकी थी न अब झुकेगी, आपकी ताकत न अंग्रेजों के सामने झुकी न अब तानाशाही सरकार के सामने झुकी है। भाजपा को उखाड़ फेंकने का काम करना है।
कल्पना सोरेन ने यह भी कहा कि मणिपुर में क्या हुआ आपने देखा। आदिवासी की बात करते हैं, लेकिन जब उनका नरसंहार हुआ तो बीजेपी नेता ने वहां पैर तक नहीं रखा। ये इनका आदिवासी प्रेम है। जुमलेबाज भरे पड़े हैं, लेकिन आपको देखना होगा कि कौन झारखंड का हित सोचता है।
कल्पना सोरेन ने भाजपा पर जमकर निशाना साधा
हेमंत सोरेन की पत्नी कल्पना ने आगे कहा कि प्रदेश में सरकार बनते ही 'हो भाषा' को 8वीं अनुसूची में शामिल करने का प्रस्ताव दिया तो गृह मंत्रालय ने कहा कि बाद में सोचेंगे। उन्होंने 'हो भाषा' को नकार दिया। सरना धर्म कोड को नकार दिया। आरक्षण को खत्म करना चाहते हैं। क्या आप ऐसे लोगों को चुनेंगे, जो संसद में आपके हक और अधिकार की बात नहीं करते।
उन्होंने कहा कि केंद्र में बैठे लोग आपको दबाना चाहते हैं। उन्हें लगता है कि आप कीड़े-मकोड़े हैं। क्या आप इसे बर्दाश्त करेंगे। जोबा मांझी आपके बीच से हैं। उनका कार्यकाल बेहतरीन रहा है। आपको उन्हें मजबूती देना है। इन्हें जिताएंगे तो गुरुजी और हेमंत सोरेन मजबूत होंगे।
खबरें और भी
कल्पना सोरेन ने आगे कहा कि भाजपा ने षड्यंत्र करके हेमंत सोरेन को जेल में डाल दिया। अब भी साजिश कर रही है। संविधान को बदलने की कोशिश कर रही है। उसमें हमारे हक और अधिकार निहित हैं। उन्हें शिथिल करने का प्रयास हो रहा है। आज हेमंत जेल में हैं, इसलिए मुझे आपके बीच आना पड़ा। मैं उनका संदेश आपके बीच लेकर आई हूं।