मंत्री सुदिव्य कुमार के निधन पर कोल्हान विश्वविद्यालय 2 दिन बंद, 7 सितंबर की परीक्षाएं स्थगित
झारखंड सरकार ने मंत्री सुदिव्य कुमार के निधन पर 6 और 7 सितंबर को दो दिवसीय राजकीय शोक घोषित किया है।

कोल्हान विश्वविद्यालय। (जागरण)
HighLights
मंत्री सुदिव्य कुमार के निधन पर राजकीय शोक।
कोल्हान विश्वविद्यालय 6 और 7 सितंबर को बंद।
7 सितंबर की सभी परीक्षाएं स्थगित की गईं।
जागरण संवाददाता, चाईबासा। झारखंड सरकार के नगर विकास एवं आवास, उच्च एवं तकनीकी शिक्षा तथा पर्यटन, कला-संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग के मंत्री सुदिव्य कुमार के निधन पर राज्य सरकार ने 6 और 7 सितंबर को दो दिवसीय राजकीय शोक घोषित किया है।
सरकार के निर्णय के अनुसार दोनों दिन सभी सरकारी कार्यालय बंद रहेंगे। इसी के तहत कोल्हान विश्वविद्यालय, चाईबासा मुख्यालय सहित उसके अधीन सभी अंगीभूत एवं संबद्धता प्राप्त महाविद्यालय 6 और 7 सितंबर को बंद रहेंगे।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने 7 सितंबर को होने वाली सभी पूर्व निर्धारित परीक्षाओं को भी स्थगित कर दिया है। कुलसचिव डॉ. अमर कुमार ने बताया कि स्थगित परीक्षाओं की नई तिथि की घोषणा विश्वविद्यालय के परीक्षा विभाग द्वारा शीघ्र की जाएगी।
यह निर्णय माननीय कुलपति के आदेशानुसार लिया गया है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने विद्यार्थियों से नई परीक्षा तिथि की जानकारी के लिए परीक्षा विभाग की आगामी सूचना पर ध्यान देने की अपील की है।
झारखंड के कैबिनेट मंत्री और JMM के कद्दावर नेता सुदिव्य कुमार का रविवार सुबह 3-4 बजे के करीब निधन हो गया। उनकी मौत हार्ट अटैक से हुई। मंत्री की मौत पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन समेत कई नेताओं ने शोक जताया है।
