ओडिशा के क्योंझर में जादू-टोना के शक में दंपती की हत्या, हाथ-पैर बांधकर कुएं में फेंका शव; 5 गिरफ्तार
ओडिशा के क्योंझर जिले में जादू-टोना के संदेह में एक दंपती की हत्या कर शव कुएं में फेंकने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने इस दोहरे हत्याकांड म ...और पढ़ें

HighLights
ओडिशा के क्योंझर में दंपती की हत्या।
जादू-टोना के संदेह में की गई हत्या।
शव कुएं में मिले, पांच आरोपी गिरफ्तार।
संवाद सूत्र, बड़बिल। झारखंड की पश्चिमी सिंहभूम जिला की सीमा से सटे ओडिशा के क्योंझर जिले में जादू-टोना करने के संदेह में एक दंपती की कथित रूप से हत्या कर शव कुएं में फेंक देने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना दैतारी थाना क्षेत्र के बालिपर्वत गांव की है।
पुलिस ने मामले में पांच आरोपितों को गिरफ्तार कर जांच तेज कर दी है। मृतकों की पहचान बालिपर्वत गांव निवासी खगेश्वर सोरेन और उनकी पत्नी तुनी सोरेन के रूप में हुई है। दोनों 27 जून से लापता थे। परिजनों की सूचना पर पुलिस ने उनकी तलाश शुरू की थी। जांच के दौरान मामला दोहरे हत्याकांड में बदल गया।
कुएं में मिला शव
पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में स्थानीय युवक सिबा मुंडा की भूमिका संदिग्ध मिलने पर उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ के दौरान मिली जानकारी के आधार पर पुलिस गांव के एक कुएं तक पहुंची, जहां से दंपती के शव बरामद किए गए।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपितों ने कथित रूप से दंपती की हत्या करने के बाद उनके हाथ-पैर बांध दिए और साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से शवों को कुएं में फेंक दिया।
हत्या के पीछे जादू-टोना करने का संदेह बताया जा रहा है। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की गहन जांच कर रही है। इस मामले में पुलिस ने कुल पांच लोगों को गिरफ्तार किया है।
इनमें सिबा मुंडा, रेंगो बानरा, गणेश हांसदा और अनुप हेम्ब्रम की पहचान सार्वजनिक की गई है, जबकि पांचवें आरोपित की पहचान समाचार लिखे जाने तक उजागर नहीं की गई थी। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।