Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    नौकरी का झांसा, 70 हजार में सौदा... ओडिशा से हैदराबाद तक फैला मानव तस्करी का जाल बेनकाब

    Updated: Wed, 01 Jul 2026 07:46 PM (IST)

    ओडिशा पुलिस ने हैदराबाद में अंतरराज्यीय मानव तस्करी गिरोह का भंडाफोड़ कर छह नाबालिग लड़कियों और एक महिला को मुक्त कराया। ...और पढ़ें

    News Article Hero Image

    HighLights

    1. ओडिशा पुलिस ने हैदराबाद में अंतरराज्यीय मानव तस्करी गिरोह का भंडाफोड़ किया।

    2. नौकरी का झांसा देकर छह नाबालिग लड़कियों और एक महिला को बचाया।

    3. पीड़ितों को बंधक बनाकर शारीरिक-मानसिक यातनाएं दी गईं, दो गिरफ्तार।

    जागरण संवाददाता, अनुगुल। ओडिशा पुलिस ने अंतरराज्यीय मानव तस्करी के एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश करते हुए हैदराबाद से छह नाबालिग लड़कियों और एक महिला को सुरक्षित मुक्त कराया है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि रोजगार का झांसा देकर युवतियों और लड़कियों को ओडिशा से बाहर ले जाया जाता था, फिर उनका सौदा कर उन्हें बंधक बनाकर रखा जाता था।

    पीड़ितों के आरोप हैं कि उनके मोबाइल फोन छीन लिए गए, शारीरिक व मानसिक प्रताड़ना दी गई और अनैतिक गतिविधियों में धकेलने का दबाव बनाया गया। मामले में दो आरोपितों को गिरफ्तार कर 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है, जबकि पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है।

    मामले का खुलासा गजपति जिले के अडवा थाना क्षेत्र से 21 जून को लापता हुई एक महिला की जांच के दौरान हुआ। महिला के स्वजन की शिकायत पर पुलिस ने जांच शुरू की। 24 जून को पीड़िता ने परिवार से फोन पर संपर्क कर बताया कि रायगड़ा निवासी ईश्वर कुसुलिया ने उसे नौकरी दिलाने का भरोसा देकर अपने साथ ले लिया था।

    पीड़िता के अनुसार, आरोपी पहले उसे अडवा थाना क्षेत्र के बिरिकोटे बुलाकर मुनिगुडा थाना क्षेत्र के गुमुकुडी गांव स्थित अपने घर ले गया। वहां से बेहतर रोजगार का लालच देकर उसे हैदराबाद भेज दिया गया।

    आर. उदयगिरि के एसडीपीओ राकेश साहू ने बताया कि जांच में पता चला कि ईश्वर कुसुलिया ने नौकरी दिलाने के बजाय महिला और उसकी एक साथी का 70 हजार रुपये में चंद्र उर्फ सरिता जैन उर्फ सरिता लुनावत के हाथों सौदा कर दिया।

    खबरें और भी

    पीड़ितों ने पुलिस को बताया कि उन्हें एक मकान में बंधक बनाकर रखा गया। उनके मोबाइल फोन छीन लिए गए, लगातार शारीरिक और मानसिक यातनाएं दी गईं तथा उन्हें अनैतिक गतिविधियों में शामिल होने के लिए मजबूर किया गया।

    पूछताछ के दौरान यह भी खुलासा हुआ कि रोजगार के नाम पर कई अन्य लड़कियों को भी अलग-अलग इलाकों से लाकर इसी तरह शोषण का शिकार बनाया जा रहा था। इससे एक संगठित अंतरराज्यीय मानव तस्करी नेटवर्क के सक्रिय होने की पुष्टि हुई।

    इसके बाद गजपति पुलिस ने हैदराबाद पुलिस के सहयोग से आरोपी महिला के ठिकाने पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान वहां से छह नाबालिग लड़कियों और एक महिला को सुरक्षित मुक्त कराया गया। सभी पीड़ितों को ओडिशा लाकर उनके स्वजन से मिला दिया गया।

    पुलिस ने दोनों आरोपितों ईश्वर कुसुलिया तथा चंद्र उर्फ सरिता जैन उर्फ सरिता लुनावत को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि गिरोह के अन्य सदस्यों और संभावित पीड़ितों की पहचान के लिए जांच जारी है।

    यह भी पढ़ें- पार्सल से गांजा मंगाकर NCR में खपाता था नूरी गिरोह, नोएडा से 5 सदस्य गिरफ्तार

    यह भी पढ़ें- ओडिशा: डिजिटल अरेस्ट के नाम पर लाखों की ठगी का खुलासा, राउरकेला पुलिस ने मुंबई से दो शातिर दबोचे