Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    जुड़िया घाटी में पलटा प्याज से लदा ट्रक, घायल ड्राइवर गिड़गिड़ाता रहा और बोरियां भरकर ले गए लोग

    Updated: Sun, 12 Jul 2026 07:43 PM (GMT+05:30)

    ओडिशा के क्योंझर जिले की जुड़िया घाटी में प्याज से लदा एक ट्रक पलटने से चालक व खलासी घायल हो गए। हादसे के बाद लोगों ने घायलों की मदद करने के बजाय प्या ...और पढ़ें

    राष्ट्रीय राजमार्ग-49 स्थित जुड़िया घाटी में शनिवार देर रात प्याज से लदा एक ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया।

    राष्ट्रीय राजमार्ग-49 स्थित जुड़िया घाटी में शनिवार देर रात प्याज से लदा एक ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया।

    HighLights

    1. प्याज से लदा ट्रक जुड़िया घाटी में पलटा।

    2. चालक-खलासी घायल, स्थानीय अस्पताल में भर्ती।

    3. लोग घायलों की मदद छोड़ प्याज लूटने में लगे।

    संवाद सूत्र, बड़बिल। ओडिशा के क्योंझर जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-49 (NH-49) स्थित जुड़िया घाटी में शनिवार देर रात प्याज से लदा एक ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। इस हादसे में ट्रक चालक और खलासी गंभीर रूप से घायल हो गए। 
     
    स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र में दोनों का इलाज चल रहा है। लेकिन हादसे के बाद मानवता को शर्मसार करने वाली तस्वीरें सामने आईं, जहां घायल चालक की मदद करने के बजाय लोग प्याज लूटने में मशगूल हो गए।
     

    नासिक से कोलकाता जा रहा था ट्रक

    मिली जानकारी के अनुसार, ट्रक महाराष्ट्र के नासिक से भारी मात्रा में प्याज लादकर कोलकाता की ओर जा रहा था। जुड़िया घाटी में ढलान के दौरान चालक अचानक वाहन पर से नियंत्रण खो बैठा, जिससे ट्रक बीच सड़क पर ही पलट गया और पूरी प्याज हाईवे पर बिखर गई।
     

    ड्राइवर की मिन्नतें बेकार, ऑटो में भरकर ले गए प्याज

    रविवार सुबह जैसे ही स्थानीय लोगों को हादसे की भनक लगी, मौके पर भीड़ जमा हो गई। घायल ट्रक चालक लोगों से बार-बार प्याज न ले जाने की मिन्नतें करता रहा, लेकिन भीड़ पर इसका कोई असर नहीं हुआ। 
     
    लोग बोरियों, टोकरियों और झोलों में प्याज भरकर भागने लगे। कुछ लोग तो इतने शातिर निकले कि ऑटो लेकर पहुंचे और उसमें प्याज भरकर शहर ले गए और कम दामों पर बेचने लगे।
     

    पहले भी हो चुकी हैं ऐसी घटनाएं 

    इस पूरी घटना का वीडियो अब इंटरनेट मीडिया (सोशल मीडिया) पर तेजी से वायरल हो रहा है। लूटपाट के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग पर काफी समय तक यातायात प्रभावित रहा। 
     
    सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने भीड़ को खदेड़कर यातायात सामान्य कराया और दुर्घटनाग्रस्त ट्रक व बची हुई प्याज को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
     
    उल्लेखनीय है कि जुड़िया घाटी में यह कोई पहली घटना नहीं है। कुछ महीने पहले भी इसी जगह पर टमाटर और मुर्गों से लदे ट्रक पलटे थे, तब भी स्थानीय लोग इसी तरह सामान लूटकर ले गए थे।

    यह भी पढ़ें- अमेठी में प्याज लदा ट्रक बाइक पर पलटा, तीन दोस्तों की मौत; एक की हालत गंभीर

    यह भी पढ़ें- पीलीभीत में हाईवे पर पिकअप और बाइक की टक्कर में एक की मौत, पत्नी और दो बेटियां घायल